ओवरऑल रैंकिंग में 27वें से 25वें स्थान पर पहुंचा आइआइटी धनबाद
इंजीनियरिंग संस्थानों में दो पायदान फिसल कर 13वें से 15वें स्थान पर पहुंचा
धनबाद/रांची : मानव संसाधन और विकास मंत्रालय ने सोमवार को नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआइआरएफ) इंडिया रैंकिंग-2019 जारी कर दी है.
यह रैंकिंग राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों विज्ञान भवन, नयी दिल्ली के प्लेनरी हॉल में जारी की गयी. इसमें सभी प्रकार के शिक्षण संस्थानों के ओवरऑल प्रदर्शन में आइआइटी आइएसएम धनबाद की रैंकिंग में सुधार हुआ है. संस्थान को इस साल 25वां रैंक मिला है, जबकि पिछले वर्ष 27वां रैंक मिला था. हालांकि आइएसएम धनबाद देश के सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग संस्थानों में आइआइटी बीएचयू और आइआइटी इंदौर से पिछड़ गया है. गत वर्ष जहां आइआइटी आइएसएम को 13वां रैंक मिला था, वहीं इस वर्ष 15वां रैंक मिला है. इधर, पहली बार आइआइटी आइएसएम ने मैनेजमेंट स्टडीज श्रेणी में भी एंट्री की है. इसमें संस्थान को 32वां स्थान मिला है.
प्वाइंट बढ़ने के बाद भी फिसला रैंक : ओवरऑल रैकिंग में संस्थान को इस वर्ष (2019) 53.4 प्वाइंट मिले हैं, जबकि गत वर्ष 52.04 प्वाइंट मिले थे. वहीं केवल इंजीनियरिंग श्रेणी में इस वर्ष की रैंकिंग में आइआइटी धनबाद को 58.18 प्वाइंट मिले हैं, जबकि गत वर्ष 59.24 प्वाइंट मिले थे.
बीआइटी मेसरा भी सात स्थान फिसला : इस वर्ष बीआइटी मेसरा रैंकिंग में सात स्थान फिसल गया है. वर्ष 2018 की रैकिंग में संस्थान ने 26वां स्थान प्राप्त किया था. इस वर्ष संस्थान को 33वां स्थान मिला है.
कई श्रेणियों में जारी की गयी रैकिंग :
एनआइआरएफ ने विभिन्न श्रेणियों में रैकिंग जारी की है. इसमें ओवरऑल, यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग, कॉलेज, मैनेजमेंट, फार्मेसी, मेडिकल, आर्किटेक्चर और लॉ शामिल हैं.
एनआइआरएफ की रैकिंग कई मानकों के आधार पर जारी की जाती है. जैसे शिक्षा का माहौल, अनुसंधान और विकास के लिए सुविधाएं आदि. इस बार स्टार्टअप की उपलब्धियों को लेकर मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीट्यूशंस (एआरआइआइए-2019) भी जारी किया है.
