रांची : राज्य में संचालित वित्तरहित शिक्षण संस्थानों को सरकार की ओर से सहायता अनुदान दिया जाता है. यह वित्तीय सहायता अनुदान नियमावली के प्रावधानों के तहत दिया जाता है.
चालू वित्तीय वर्ष 2018-2019 के अनुदान का आवंटन स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा दिया जा रहा है. सरकार ने इस वर्ष इंटर कॉलेजों को उतना ही अनुदान दिया है, जितना उनका रिजल्ट रहा है.
विगत वर्ष तक अनुदान नियमावली के प्रावधानों के अनुसार दिया गया है. इस बार उसे बदल कर रिजल्ट के आधार पर अनुदान दिया जा रहा है.
150 इंटर कॉलेजों को लगभग 24 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन दिया गया है. 17 संस्कृत स्कूल को अनुदान राशि आवंटित कर दी गयी है, जबकि नाै स्कूलों को आरडीडीइ से जांच कराने के बाद ही अनुदान दिया जायेगा. कोडरमा के दो स्कूल की जांच निदेशालय स्तर के पदाधिकारी द्वारा कराने के बाद निर्णय लिया जायेगा.
राशि जिला शिक्षा अधिकारियों (डीइअो) को भेज दी गयी है. राशि की निकासी आरडीडीइ व डीइअो के संयुक्त हस्ताक्षर से कोषागार से की जायेगी. उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब कुछ ही दिन बचे हुए हैं, लेकिन बजट के 85 करोड़ रुपये पूरी तरह से बांटे नहीं जा सके हैं.
