रांची : सुधाकरण से पुलिस करेगी पूछताछ
रांची : भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के केंद्रीय कमेटी के मेंबर रहे नक्सली सुधाकरण और उसकी पत्नी नीलिमा से पूछताछ करने झारखंड पुलिस की एक टीम तेलंगाना जायेगी. टीम एक आइपीएस अधिकारी के नेतृत्व में तेलंगाना जायेगी. वहां पूछताछ के दौरान सुधाकरण से झारखंड में सक्रिय नक्सलियों के बारे में जानकारी ली जायेगी. इसके अलावा […]
रांची : भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के केंद्रीय कमेटी के मेंबर रहे नक्सली सुधाकरण और उसकी पत्नी नीलिमा से पूछताछ करने झारखंड पुलिस की एक टीम तेलंगाना जायेगी. टीम एक आइपीएस अधिकारी के नेतृत्व में तेलंगाना जायेगी. वहां पूछताछ के दौरान सुधाकरण से झारखंड में सक्रिय नक्सलियों के बारे में जानकारी ली जायेगी.
इसके अलावा दूसरे राज्यों के कौन-कौन से नक्सली झारखंड में शामिल हैं. संगठन की वर्तमान में स्थिति क्या है. कौन किस इलाके में संगठन का नेतृत्व कर रहा है. झारखंड के विभिन्न थानाें में सुधाकरण के खिलाफ दर्ज केस में उसकी भूमिका क्या रही थी, के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास पुलिस करेगी.
पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार झारखंड पुलिस नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई की योजना तैयारी करेगी. उल्लेखनीय है कि सुधाकरण लंबे समय तक झारखंड में सक्रिय नक्सली संगठन का नेतृत्व कर चुका है. लेकिन तेलंगाना पुलिस के संपर्क में आने के बाद उसने और उसकी पत्नी ने 13 फरवरी को तेलंगाना पुलिस के सामने विधिवत सरेंडर कर दिया था.
लातेहार में दर्ज हुआ था पहला केस : गौरतलब है कि सुधाकरण के खिलाफ सबसे पहले झारखंड में लातेहार जिला के गारू थाना में नक्सली केस दर्ज हुआ था. इसके बाद उसके खिलाफ लातेहार जिला के विभिन्न थानों में केस दर्ज हुआ. इतना ही नहीं उसके खिलाफ दूसरे जिले के थाने में भी केस दर्ज हुए. मालूम हो कि सुधाकरण लंबे समय तक बूढ़ा पहाड़ इलाके में कैंप कर नक्सलियों को नेतृत्व प्रदान करता रहा है.
झारखंड पुलिस ने उस पर एक करोड़ और उसकी पत्नी पर 25 लाख रुपये का इनाम भी रखा था. झारखंड में पुलिस उसे पकड़ने के लिए लंबे समय तक प्रयास करती रही, लेकिन पुलिस कभी भी उसे या उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो सकी.