रांची : राज्य में कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा बुधवार से शुरू हुई. पहले दिन परीक्षा दो पाली में हुई. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सचिव महीप कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक हुई. परीक्षा को लेकर राज्य भर में 937 केंद्र बनाये गये हैं. कुल 404417 परीक्षार्थियों ने आवेदन जमा किया था, पर परीक्षा में पहले दिन 395519 परीक्षार्थी (97.8%) शामिल हुए. आज परीक्षा का समापन है.
राज्य में पहली बार ओएमआर शीट पर कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा हो रही है. राज्य में सबसे अधिक परीक्षार्थी रांची व सबसे कम पाकुड़ जिला से हैं. कक्षा नौ की परीक्षा उन्हीं केंद्रों पर हो रही है, जिन केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा प्रस्तावित है. केंद्रों पर परीक्षार्थियों की कड़ाई से जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी. उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन जैक मुख्यालय में होगा. परीक्षा का रिजल्ट मार्च में जारी कर दिया जायेगा.
सभी केंद्रों पर नहीं लग पाया सीसीटीवी कैमरा : स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव के निर्देश के बाद भी सभी केंद्रों पर सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.रांची में 87 में से मात्र 21 परीक्षा केंद्र पर ही सीसीटीवी कैमरा लगाया जा सका. अन्य जिलों में भी सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लग सका है.
नौवीं में अब नहीं होगी प्रायोगिक परीक्षा
कक्षा नौ में अब प्रायोगिक परीक्षा नहीं होगी़ पहले हिंदी व अंग्रेजी को छोड़ कर गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान में प्रैक्टिकल होता था़ इधर, कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा को लेकर जैक द्वारा जारी मॉडल सेट में 40 प्रश्न दिये गये थे, जबकि परीक्षा में 50 प्रश्न पूछे गये. हालांकि सभी प्रश्न एक-एक अंक के थे और मॉडल सेट पर आधारित थे.
