रांची : रांची विवि के कर्मचारी 21 फरवरी को एक दिवसीय हड़ताल करेंगे. रांची विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सह सिंडिकेट सदस्य अर्जुन राम ने कहा कि सरकार विश्वविद्यालय कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है.
सरकार द्वारा राज्य सरकार के कर्मचारी और विवि के शिक्षकों को सातवां वेतनमान का लाभ दे दिया गया, लेकिन विवि व कॉलेज के कर्मियों को इससे वंचित रखा गया है. विवि व कॉलेज कर्मचारियों में इससे काफी आक्रोश है.
विवि व कॉलेज कर्मियों को एसीपी व एमएसीपी का लाभ भी प्रावधान के अनुरूप नहीं दिया जा रहा है. संघ ने विश्वविद्यालय व कॉलेज में कांट्रैक्ट व दैनिक वेतन पर नियुक्त कर्मियों के सेवा सामंजन की भी मांग की है. उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को विवि के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. उन्होंने कॉलेज कर्मियों से भी आंदोलन में सहयोग की अपील की है.
