रांची : रांची में बगैर परमिट वाले ऑटो और तय मार्ग पर नहीं चलने वाले ई-रिक्शा पर जिला प्रशासन अभियान चलायेगा. तय मार्ग पर नहीं चलने वाले ई-रिक्शा को जब्त किया जायेगा और चालकों का परिमट रद्द कर दिया जायेगा. सोमवार से अभियान शुरू होगा. इस दिन सड़क सुरक्षा सप्ताह की भी शुरुआत हो रही है.
इस अभियान को लेकर रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार व ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किये गये हैं. अभियान को नियमित करने को कहा गया है.
बताया गया है कि कुछ दिनों पूर्व जिला परिवहन कार्यालय में बने शिकायत कोषांग में ऑटो चालकों व ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं. लोगों ने इनके खिलाफ अभियान सिर्फ आईवॉश है. रोज ऑटो में निर्धारित मापदंड से अधिक यात्रियों को बैठाते हैं. ऑटो वालों का कोई तय रूट नहीं है. उनका पड़ाव भी निर्धारित नहीं है, कहीं भी रोक कर यात्री को बैठाते और उतारते हैं, जो जाम का सबसे बड़ा कारण है.
शिकायतों पर उपायुक्त गंभीर : जिला प्रशासन को मिली शिकायतों पर उपायुक्त राय महिमापत रे ने गंभीरता से लिया है. गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने अभियान चलाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है. इसे नियमित रखने को भी कहा है.
जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी को उपायुक्त ने दिये निर्देश
जिला परिवहन कार्यालय के शिकायत कोषांग में लोगों ने किया था फोन
ई-रिक्शा चालकों और ऑटो चालकों की मनमानी की शिकायत की थी
चार फरवरी से राजधानी में सड़क सुरक्षा सप्ताह
की भी शुरुआत हो रही है
3000 परमिट वाले ऑटो हैं राजधानी रांची में
जानकारी के अनुसार राजधानी रांची में परमिट वाले ऑटो की संख्या 3000 हैं. जबकि लगभग चार हजार ऑटो वैसे हैं, जिनके पास परमिट नहीं है. वहीं, ई-रिक्शा की संख्या 3000 है. इनमें से मात्र 900 ई-रिक्शा को परमिट जारी किया गया है. इन्हें नगर निगम की ओर से परमिट जारी किये जाते हैं.
स्कूल बसों व वैन की भी होगी जांच : अभियान के दौरान स्कूल बसों व वैन की भी जांच की जायेगी. वैन का निबंधन किस रूप में है इसे देखा जायेगा. प्रशासन को यह भी शिकायत मिली है कि वैन व बसों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाये जाते हैं. ऐसा करनेवाले वैन चालकों और बसों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है.
