तीन सूत्री मांगों को लेकर कर रहे हैं अनशन
चान्हो/रांची : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले होमगार्ड जवान तीन सूत्री मांगों को लेकर 21 जनवरी से अनशन पर बैठे हैं. गुरुवार को कई सदस्यों की तबीयत बिगड़ गयी. मानवाधिकार संगठन की ओर से उपलब्ध करायी गयी एंबुलेंस से होमगार्ड कर्मी अंजना बड़ा, सुनीता मुर्मू व रंजय सिंहा को रिम्स में भर्ती कराया गया. वहीं धरना पर बैठे एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने अस्पताल जाने से इन्कार कर दिया. सुनीता मुर्मू की हालत ज्यादा खराब है.
अनशनकारी साथियों की तबीयत बिगड़ने के बाद होमगार्ड जवान काफी आक्रोशित हो गये और सरकार का विरोध करने लगे. प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी ने कहा कि इतने लंबे अनशन के बाद भी किसी प्रकार की पहल सरकार के स्तर से नहीं हुई है. इससे झारखंड के जवान अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं.
आज होमगार्ड डीजी का पुतला दहन करेंगे : शुक्रवार को धरना पर बैठे होमगार्ड के जवान होमगार्ड के डीजी विभूति भूषण प्रधान का पुतला दहन करेंगे. एसोसिएशन की ओर से यह जानकारी दी गयी.
