रांची़ : सदर अस्पताल, रांची में प्रोत्साहन राशि में से अपना हिस्सा मांगे जाने के मामले की जांच होगी. शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान यह बात उठने पर अभियान निदेशक (एनएचएम), कृपानंद झा ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा है. कहा गया कि पता लगायें कि कौन, किससे और क्यों पैसे मांग रहा था.
गौरतलब है कि प्रभात खबर के 15 दिसंबर के अंक में इससे संबंधित खबर छपी है. अभियान निदेशक ने कहा कि समय पर प्रोत्साहन राशि न बंटने पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक व लेखा प्रबंधकों पर कार्रवाई होगी. वहीं ममता वाहन चालकों द्वारा लाभुक से पैसे मांगने तथा लेबर रूप में प्रसव के बाद अस्पताल कर्मियों द्वारा भी संबंधित महिला व उनके परिजनों से पैसे मांगने जैसी घटना से भी सख्ती से निबटने का निर्देश अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में मौजूद जिला कार्यक्रम प्रबंधकों व अन्य को दिया है.
सहिया को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि समय पर देने की बात दोहरायी गयी. प्रोत्साहन राशि के अलावा विभिन्न कार्यक्रमों की बजट राशि भी समय पर खर्च करने को कहा गया है. समीक्षा बैठक में निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य डॉ राजेंद्र पासवान, निदेशक वित्त नरसिंह खलको व डॉ एसके सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
