रांची: नगर निगम सीइओ मनोज कुमार ने बुधवार को शहर के खादगढ़ा बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया. श्री कुमार ने संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण में तेजी लायें. 15 अगस्त को इस स्टैंड का उदघाटन होना है इस अवसर पर डिप्टी सीइओ ओमप्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार, आर्किटेक्ट राजीव चड्ढा सहित पीएचइडी व निगम के अभियंता उपस्थित थे.
75 फीट पीछे होगी जलमीनार की बाउंड्री: बस स्टैंड के निर्माण में जमीन की कमी होने के कारण अब निगम बस पड़ाव के पीछे बनी पीएचइडी की बाउंड्री को पीछे करवायेगा. बुधवार को निगम के अभियंताओं ने जमीन की मापी की. इस दौरान सीइओ ने पीएचइडी के अभियंताओं से कहा कि उनके कार्यालय तक आने जाने के लिए नगर निगम पीसीसी पथ बनवा कर देगा.
..नहीं तो झोपड़ी तोड़ देंगे: बस स्टैंड के जगह पर अतिक्रमण कर झोपड़ी बना कर रहने वाले लोगों को भी सीइओ ने चेतावनी दी कि स्टैंड के निर्माण कार्य को सुचारु रुप से चलने दें. अगर किसी ने निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश की, तो निगम उनकी झोपड़ियों को तोड़ देगा.
