हुंडरू में डूबते तीन छात्रों को पर्यटनकर्मियों ने बचाया

रांची जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हुंडरू फॉल में जोगिया दह में रविवार दोपहर करीब एक बजे सेल्फी ले रहा छात्र डूबने लगा.

प्रतिनिधि, अनगड़ा.

रांची जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हुंडरू फॉल में जोगिया दह में रविवार दोपहर करीब एक बजे सेल्फी ले रहा छात्र डूबने लगा. जिसे बचाने के लिए उसे दो दोस्त पानी में उतर गये, लेकिन वे भी डूबने लगे. मुस्तैद पर्यटनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सकुशल बचा लिया. जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. मिली जानकारी के अनुसार रांची के चुटिया पावन हाउस चौक के पास किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करनेवाले चार दोस्त रविवार को दो बाइक से हुंडरू फॉल घूमने गये थे. सभी सबसे खतरनाक जोगिया दह के पास सेल्फी ले रहे थे. इसी दौरान प्रत्युष राज (20) पिता रामजीत प्रसाद का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा. प्रत्युष को डूबता देख उसके दोस्त पीयूष राज और गुलशन कुमार भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गये. लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वे दोनों भी डूबने लगे. अपने तीनों दोस्तों को डूबता देख चौथा दोस्त सुमित कुमार जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगने लगा. प्रत्युष व पियुष रांची के संत जेवियर कॉलेज तथा गुलशन व सुमित कुमार गोस्सनर कॉलेज के विद्यार्थी हैं. चारों युवक मेदिनीनगर के छतरपुर के रहनेवाले हैं.

पर्यटनकर्मियों ने 25 फीट गहरे पानी से निकाला :

सुमित के चिल्लाने की आवाज सुनकर सुरक्षा में तैनात पर्यटकमित्र चंद्रउदय बेदिया, जीतवाहन भोक्ता, रंजन बेदिया, महेश्वर बेदिया व जीतू बेदिया मौके पर पहुंचे और पानी में छलांग लगा दी. अपनी जान जोखिम में डालकर डूब रहे छात्रों को बाहर निकाला. उन्होंने अपनी सूझबूझ से युवकों की जान बचायी तथा एक घंटे तक सीपीआर दिया. प्रत्युष के नाक से खून व मुंह से झाग निकल रहा था. पर्यटनकर्मियों की सूझबूझ से उसकी जान बच गयी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया. मौके पर झारखंड पर्यटक सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद, बालेश्वर बेदिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

हुंडरू फॉल में सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसला

जोगिया दह में पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा छात्र

डूब रहे लड़के को बचाने उतरे दो दोस्त भी लगे डूबने

बेहोश छात्र को लगातार एक घंटे तक सीपीआर देकर बचाई जान, रिम्स भेजा गया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >