जामताड़ा के नाला में जन चाैपाल में अभ्यर्थी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा
रांची : संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा में सरकारी शिक्षकों के लिए रिजर्व खाली सीटाें को वर्तमान बहाली के सीधी भर्तीवाले अभ्यर्थियों से भरा जायेगा. सभी प्रमंडलों का रिजल्ट निकल जाने के बाद खाली सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी.
उक्त आश्वासन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जामताड़ा के नाला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जन चाैपाल कार्यक्रम में कही. वे झारखंड प्रतियोगी छात्र संघ के सदस्य व अभ्यर्थी टुंपा मंडल के सवाल पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि हाइस्कूल शिक्षक नियुक्ति की जो प्रक्रिया चल रही है, उसमें प्राइमरी शिक्षकों के लिए रिजर्व 25 प्रतिशत सीटों में से लगभग 96 प्रतिशत खाली रह जा रही है.
उल्लेखनीय है कि झारखंड प्रतियोगी छात्र संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में हाइस्कूल शिक्षक नियुक्ति नियमावली के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को लेकर पिछले आठ माह से आंदोलन किया जा रहा है. संताल परगना प्रमंडल का रिजल्ट प्रकाशित हो चुका है. पलामू प्रमंडल व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची के अभ्यर्थियों का प्रमाण पत्र का सत्यापन हो चुका है. कोल्हान व उतरी छोटानागपुर प्रमंडल का सत्यापन होना अभी बाकी है.
