अनगड़ा : अवैध चारकोल निर्माण के खिलाफ वन कर्मियों ने मंगलवार को कामता वन क्षेत्र में अभियान चलाया. रेंजर आरके सिंह के निर्देश पर चलाये गये इस अभियान में वन क्षेत्र में आधा दर्जन अवैध चारकोल भट्ठों को ध्वस्त किया गया.
ग्रामीणों की मदद से अवैध चारकोल निर्माता व कारोबारियों की सूची तैयार की गयी. अभियान में वन कर्मी मोनजेश डाडेल, आनंद भगत, नितिन कुमार महतो, वन सुरक्षा समिति के नरेश बेदिया सहित अन्य शामिल थे. विदित हो कि इस क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में चारकोल के बोरे तैयार कर रांची के होटलों में ले जाये जाते हैं. वन विभाग के लोग बराबर रेलवे स्टेशन पर छापामारी कर चारकोल के बोरे जब्त करते हैं, लेकिन इस अवैध कारोबार पर नियंत्रण नहीं हो पाया है.
