रांची : एसडीओ गरिमा सिंह बुधवार को राजधानी के कई होटलों व रेस्तरां का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता व किचेन में साफ-सफाई की जांच की.छापामारी के दौरान एसडीओ न्यूक्लियस मॉल स्थित रेस्तरां के अलावा खाद्य सामग्री बेचनेवाली सात दुकानों में भी गयी.
यहां उन्होंने खाद्य सामग्री के रख-रखाव का जायजा लिया. इसके बाद वे करमटोली चौक स्थित डोसा प्लाजा में गयीं, जहां से उन्होंने पनीर का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया. इसके अलावा एसडीओ ने बिरियानी पैराडाइज में साफ-सफाई नहीं होने पर नोटिस जारी किया.
जांच के दौरान एसडीओ ने होटल संचालकों को स्पष्ट तौर कहा कि अपने प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस लगायें. प्रावधान के अनुसार बिना लाइसेंस के खाद्य पदार्थ बेचने पर रोक है. ऐसे में बिना लाइसेंस होटल व रेस्तरां चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
- न्यूक्लियस मॉल स्थित रेस्तरां समेत सात दुकानोंमें की खाद्य पदार्थों की जांच
- साफ-सफाई नहीं रखने पर होटल बिरियानी पैराडाइज को जारी किया गया नोटिस
कई सैंपल सब स्टैंडर्ड पाये गये : एसडीओ
एसडीओ गरिमा सिंह ने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड एक्ट के तहत रांची के बड़े प्रतिष्ठान व होटलों के खानपान और किचेन की जांच की जायेगी. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले दुर्गा दाल मिल से सैंपल जब्त किया गया था.
उसमें रंग मिलाने की बात सामने आयी थी. इसके अलावा कई होटलों के मिठाई, मावा आदि सबस्टैंडर्ड पाये गये हैं, जिन पर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है.
