रांची : डीवीसी 27 नवंबर से कमांड एरिया में लोड शेडिंग पर कायम है. इधर, सोमवार को डीवीसी के इडी सुबोध दत्ता ने बकाये के मुद्दे को लेकर ऊर्जा सचिव वंदना डाडेल और झारखंड बिजली वितरण निगम के एमडी राहुल पुरवार से मुलाकात की. उन्होंने बकाये भुगतान की मांग की और कहा कि उच्चस्तरीय प्रबंधन ने ही लोड शेडिंग का करने का निर्देश दिया है, ताकि बकाये का भुगतान हो सके.
इधर, ऊर्जा सचिव ने कहा कि बकाये भुगतान के लिए सरकार से बातचीत चल रही है. हालांकि, डीवीसी के सूत्रों ने बताया कि डीवीसी ने अब तक लोड शेडिंग का फैसला वापस नहीं लिया है. अभी तक उच्चस्तर से कोई निर्देश नहीं आया है. गौरतलब है कि डीवीसी ने पिछले दिनों दोबारा नोटिस भेजकर 27 नवंबर से कमांड एरिया में छह से सात घंटे तक लोड शेडिंग की चेतावनी दी है.
डीवीसी का लगभग 3500 करोड़ रुपये बकाया है, जिसके भुगतान की मांग की जा रही है. इस संबंध में जेबीवीएनएल के एमडी राहुल पुरवार ने कहा कि बातचीत चल रही है, उम्मीद है कि 27 से डीवीसी लोड शेडिंग नहीं करेगा.
