बोले महानगर अध्यक्ष : आनेवाले समय में कई भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में होंगे शामिल
रांची : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अजय कुमार ने कहा है कि देश आज विध्वंसक दौर से गुजर रहा है. आम जनता का ध्यान भटकाने के लिए नरेंद्र मोदी तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं. मोदी अपने वादों को पूरा करने में अक्षम साबित हुए हैं.
डॉ अजय रविवार को हरमू के पटेल मैदान में महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे. इस कार्यक्रम में रवि खलखो, विनीत सिंह डिंपल के नेतृत्व में आजसू, भाजपा सहित कई दलों के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए.
डॉ अजय ने कहा कि भाजपा युवाओं में नफरत फैलाकर भटकाने के एजेंडे पर काम कर रही है. देश में रोजगार खत्म हो रहे हैं. जनता महंगाई की मार से त्रस्त है.
उन्होंने कहा कि मोदी राफेल घोटाले में फंस चुके हैं और सीबीआइ के अधिकारियों को हटाया जा रहा है. देश में हर वर्ग त्रस्त है, फिर भी मोदी यह दावा करते हैं की जनता के अच्छे दिन आ गये हैं. डॉ अजय ने कहा कि अब फिर से अगले चुनाव में अपनी हार देखकर राम मंदिर के मामले को हवा दी जा रही है. जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाया जा रहा है. कार्यक्रम को महानगर अध्यक्ष संजय पांडेय, रवींद्र सिंह, आलोक कुमार दुबे, विनय सिन्हा दीपू, अजय नाथ शाहदेव, गुड्डू यादव, अख्तर अली, विशाल सिंह, उमर खान, कमल ठाकुर व अमरेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया.
कई दलों के कार्यकर्ता कांग्रेस में हुए शामिल
मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय और महा��गर अध्यक्ष संजय पांडेय ने दूसरे दलों से आने वालों का स्वागत किया. श्री पांडेय ने कहा कि इन लोगों के शामिल होने से इस क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत हुई है. भाजपा सरकार की कारगुजारी से न सिर्फ आम जनता बल्कि उनके कार्यकर्ता भी नाराज हैं.
आनेवाले समय में कई भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं. मिलन समारोह में मिथिलेश कुमार राम, सोनू कुमार, दीपक मुंडा, अतुल राज, मनोज कुमार, अजय मुंडा, आसाराम मुंडा, गौरव कुमार, राजेंद्र राम सतीश, सुमन कुमार, संतोष कुमार, मोहम्मद शमी, विजय राम सहित कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा़.
