रांची : कोतवाली थाना क्षेत्र के लेक रोड पुष्पांजलि अपार्टमेंट निवासी महिला बिल्डर पायल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल व अमित अग्रवाल को 28 लाख की ठगी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया. तीनाें को न्यायिक दंडाधिकारी कवितांजलि टोप्पो की अदालत में पेश किया गया, जहां आपसी समझौता के बाद उन्हें पांच-पांच हजार के निजी मुचलके पर जमानत दे दी गयी़ उनलोगों ने कैंसर पीड़ित सुशील कुमार शर्मा से फ्लैट देने के नाम पर 28 लाख की ठगी की थी़ कोर्ट ने तीनों को सूद सहित 40 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया है़
इस संबंध में व्यवसायी सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने रामगढ़ के टायर मोड़ पेट्रोल पंप के समीप एक फ्लैट खरीदने के लिए पायल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल व अमित अग्रवाल से एग्रीमेंट करने के बाद पैसा दिया था. लेकिन बिल्डरों द्वारा अाधा ही एग्रीमेंट किया गया.
कहा गया कि बाद में सप्लीमेंट एग्रीमेंट कर लिया जायेगा़ लेकिन उनलोगों ने कोई एग्रीमेंट नहीं किया और रुपये भी वापस नहीं दिये़ कई बार रुपये लौटाने के लिए कहने पर वे लोग टाल मटोल करने लगे़ इस दौरान कैंसर से पीड़ित होने के कारण सुशील कुमार वर्मा मुंबई आ गये. बाद में जब उनके बेटे सिद्धार्थ शर्मा ने उन लोगों से रुपये की मांग की तो बिल्डर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे़
वर्ष 2016 में इस मामले में कोर्ट में कंप्लेन केस किया गया़ दूसरी तरफ, कई बार जिला व सत्र न्यायाधीश की अदालत में तीनों बिल्डरों ने जमानत के लिए आवेदन दिया, लेकिन अदालत ने तीनों बार उनकी जमानत यह कहते हुए खारिज कर दिया कि बिना पैसा दिये, जमानत नहीं दी जा सकती है़ दुर्गा पूजा के पहले उनके खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया़ उसी के तहत सभी बिल्डरों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया था़
