रांची : स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की. निधि खरे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रही हैं. केंद्र सरकार ने उन्हें गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया है. पदभार ग्रहण करने से पूर्व निधि खरे ने राज्यपाल से मुलाकात कर स्वास्थ्य विभाग में किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी.
राज्यपाल ने उनके कार्यों की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी. उन्होंने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में काम करने के दौरान राज्यपाल का मार्गदर्शन मिलता रहा. इस कारण बेहतर काम करने में आसानी हुई. निधि खरे ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी मुलाकात की थी. माना जा रहा है कि श्रीमती खरे सोमवार शाम तक प्रधान सचिव का पदभार त्याग देंगी. मंगलवार को गृह मंत्रालय का पदभार ग्रहण करेंगी.
