रांची : राजधानी के शहरी क्षेत्र में पदस्थापित वैसे डीएसपी जिनके पास केस में लंबित सुपरविजन की संख्या अधिक हो गयी है, उनके काम का बोझ कम करने के लिए अब दूसरे डीएसपी को लगाया गया है. इसकी जिम्मेदारी ट्रैफिक के दोनों डीएसपी के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थापित डीएसपी को सौंपी गयी है. इससे संबंधित आदेश एसएसपी अनीश गुप्ता ने जारी कर दिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों ट्रैफिक डीएसपी सहित ग्रामीण क्षेत्र के कुछ डीएसपी को शहरी क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज केस में कुछ केस का चयन कर उन्हें सुपरविजन रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में शहरी क्षेत्र में केस की संख्या अधिक होती है. शहरी क्षेत्र के डीएसपी पहले से विधि व्यवस्था में लगे रहते रहते हैं. कम समय और केस अधिक में होने की वजह से वे समय पर केस का सुपरविजन नहीं कर पाते हैं.
इस कारण केस के अनुसंधानक को निर्देश नहीं मिल पाता कि उन्हें केस में क्या कार्रवाई करनी है. इस वजह से केस लंबित भी रह जाता है. लंबित केस का सुपरविजन कर केस जल्द से जल्द डिस्पोजल किया जा सके, इसलिए दूसरे डीएसपी को लगाया गया है.
