पिठोरिया : पिठोरिया में दुर्गापूजा को लेकर कलश यात्रा निकाली गयी. श्रद्धालुओं ने परकला बांध से कलश में जल लेकर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर में स्थापित किया. पुरोहित ने सभी देवी-देवताओं का आह्वान कर विधिवत पूजा पाठ कर कलशों में जल भरवाया.
मंदिर में प्रतिदिन संध्या आरती छह बजे व आठ बजे से श्रीमद्भागवत कथा संगीतमय प्रस्तुति वृंदावन की सुमन किशोरी करेंगी. कलश यात्रा में सांसद रामटहल चौधरी, पूर्व विधायक रामचंद्र बैठा, जिप सदस्य अनिल टाइगर, स्वामी देवेंद्र प्रसाद, मनोज वाजपेयी तथा पूजा समिति के अनिल केसरी, राम नारायण सोनी, चंद्रिका प्रसाद, सत्यदेव कुमार, कृष्ण कुमार, अभिषेक, बिनोद, विश्वनाथ बैठा आदि शामिल थे.
इटकी. कलश स्थापना के साथ ही बुधवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो गया. इस दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना की जायेगी. प्रथम दिन शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गयी. बनिया टोली महावीर चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा समिति के पूजा पंडाल में पंडित शत्रुघ्न पांडेय व अभय पांडेय के नेतृत्व में पूजा-अर्चना के बाद दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू किया गया. दुर्गाबाड़ी मंदिर में आयोजित पूजा में लाल रामेश्वर नाथ शाहदेव ने पंडित सुरेंद्र नाथ मिश्रा की पुरोहिताई में दुर्गा सप्तशती पाठ की शुरुआत की.
बेड़ो. प्रखंड के बेड़ो, पाकलमेडी, खत्रीखटंगा, तुको व घाघरा गांव में कलश स्थापना कर प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गयी. महादानी मंदिर परिसर में श्री दुर्गापूजा महासमिति के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों के घोष दल ने कलश यात्रा निकाली. कलश यात्रा में शामिल महिलाओं व कन्याओं ने तालाब से कलश में जल भर कर मंदिर परिसर पहुंचीं.
मुख्य पुजारी अशोक पंडा की देखरेख में कलश स्थापना हुई. इसके साथ ही एकल अभियान के हरि सत्संग समिति ने नवाह्न पाठ की भी शुरुआत की. वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. मौके पर वाणी कुमार रॉय, सौमित्रा शर्मा, उमेश महतो, रवींद्र कुमार वर्मा, संकित मंगल, शिवेंद्र सौरभ, अंकित सोनी, अशोक पंडा, डॉ रमेश प्रसाद गुप्ता, प्रियंका कुमारी, रंजना तिर्की, सुमित्रा कुमारी आदि मौजूद थे.
मांडर. कलश स्थापना के साथ शिव मंदिर में शारदीय नवरात्र बुधवार को भक्तिपूर्ण माहौल में प्रारंभ हो गया. आरती के पश्चात भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. मौके पर शिवमंदिर दुर्गापूजा समिति के रामप्रकाश साहू, पिंटू तिवारी, मनोज गुप्ता, विनोद सेन गुप्ता, जगदीश प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे.
रातू. शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बुधवार को कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरु हो गयी. झखराट़ांड़ व मां आनंदमयी नगर स्थित मां दुर्गा मंदिर में संध्या आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ रही. वहीं श्रद्धालुओं ने घरों में कलश स्थापित कर दुर्गापाठ शुरू किया. वहीं रातू किला, रानी बगीचा, महादेव टंगरा, रवि स्टील, चटकपुर सहित अन्य पूजा पंडाल की साज सज्जा के कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
लापुंग. सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के तत्वावधान में बुधवार को नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गयी़ पुरोहित राज कुमार पाठक पूजा करा रहे हैं
