रांची : दिनदहाड़े घटना को दिया अंजाम, धुर्वा में ‍25 लाख रूपेय के जेवरात की लूट

रांची/हटिया : धुर्वा थाना क्षेत्र के शर्मा रोड स्थित वर्मन ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार वर्मा से सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे दो अपराधियों ने जेवरों से भरा बैग लूट लिया. भुक्तभोगी व्यवसायी ने सोने और चांदी के जेवरों की कीमत करीब 25 लाख रुपये बतायी है. राजकुमार सुबह 9.30 बजे स्कूटी से दुकान खोलने […]

रांची/हटिया : धुर्वा थाना क्षेत्र के शर्मा रोड स्थित वर्मन ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार वर्मा से सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे दो अपराधियों ने जेवरों से भरा बैग लूट लिया. भुक्तभोगी व्यवसायी ने सोने और चांदी के जेवरों की कीमत करीब 25 लाख रुपये बतायी है.
राजकुमार सुबह 9.30 बजे स्कूटी से दुकान खोलने पहुंचे थे. स्कूटी पर सोने के जेवर से भरा बैग रख कर वह ताला खोलने लगे. ताला में अपराधियों ने पहले ही लकड़ी का टुकड़ा ठूंस दिया था. इस कारण ताला नहीं खुल रहा था.
इस बात से अनजान व्यवसायी ताला खोलने में ही उलझे रहे, तभी काले रंग की बाइक सवार एक अपराधी पहुंचा और स्कूटी पर रखा बैग लेकर भागने लगा. व्यवसायी ने अपराधी को भागते हुए देखा तो दौड़ कर बाइक को पीछे से पकड़ लिया. अपराधी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और कई मीटर तक व्यवसायी घसीटते चले गये और घायल हो गये. इसके बाद अपराधी भाग निकला. वहीं, कुछ दूरी पर एक और अपराधी बाइक पर खड़ा था.
उन्होंने कहा कि अपराधी सफेद रंग का हाफ शर्ट पहने था. स्वर्ण व्यवसायी राजकुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि चोरी के भय से हर रात दुकान बंद करने के बाद जेवरात घर ले जाते थे, फिर सुबह में ले आते थे. हटिया डीएसपी, धुर्वा थाना प्रभारी व तुपुदाना ओपी प्रभारी सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की़ इस घटना से धुर्वा के व्यवसायियों में आक्रोश है. कहा कि लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं. वहीं पुलिस मूकदर्शक बनी है.
चावल व्यवसायी की हत्या का सुराग मिला नहीं : शुक्रवार को चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की मेन रोड में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. तीन दिन बाद भी अपराधियों का सुराग नहीं मिल पाया. रांची पुलिस ने 48 घंटे में अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था. वहीं रविवार को मुक्ति गैस एजेंसी के कर्मचारी से 3़ 82 लाख लूट लिये गये. सोमवार को धुर्वा में लूटपाट की घटना हो गयी.
सुबह 9.30 बजे बाइक सवार दो अपराधियोंने वर्मन ज्वेलर्स के संचालक को लूटा
सीसीटीवी फुटेज मिला है़ उसके आधार पर अपराधियों की पहचान की गयी है़ उन्हें पकड़ने के लिए छापामारी की जायेगी़ घटना का शीघ्र खुलासा होगा. संचालक ने करीब 25 लाख रुपये के गहने की लूटने की बात लिख कर दी है, उस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है़ अनीश गुप्ता, एसएसपी, रांची
एक माह में बड़ी वारदात
05 अक्तूबर : मेन रोड में चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा से पांच लाख रुपये लूट के बाद हत्या
07 अक्तूबर : मुक्ति गैस एजेंसी के गोदाम में अपराधियों ने हथियार दिखा कर मुंशी से तीन लाख रुपये लूटे
20 सितंबर : सीएम आवास से कुछ ही दूरी पर खड़ी पीसीआर वैन के जवान से इंसास राइफल छीन ली गयी
07 सितंबर : सीएम आवास के पास पुलिस के एसपीओ बुधु दास की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >