रांची : झारखंड हाइकोर्ट इंप्लाइज को-अॉपरेटिव सोसाइटी के तत्वावधान में शनिवार को हाइकोर्ट के व्हाइट हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. चीफ जस्टिस अनिरुद्ध बोस सहित हाइकोर्ट के न्यायाधीश, निबंधक, पदाधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए.
जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय, जस्टिस रत्नाकर भेंगरा व जस्टिस आनंद सेन ने रक्तदान किया. शिविर में 64 हाइकोर्ट के कर्मियों ने रक्तदान किया. कुल 64 यूनिट ब्लड का संग्रह किया गया. झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी व वोलेंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सहयोग से संपन्न शिविर का संचालन सोसाइटी के निदेशक संपर्क अजय कुमार चंद्रा ने किया. इससे पूर्व जस्टिस आनंद सेन ने कहा कि रक्तदान से दोनों लोगों का भला होता है.
जो रक्तदान करता है, उसे भी लाभ होता है. उन्होंने कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति एक वर्ष में चार बार रक्तदान कर सकता है. यह महान कार्य है. इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए. रक्तदान करके आप जरूरतमंदों की जान बचा सकते हैं.
