रांची : झारखंड आंदोलनकारी सह आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव अनिल कुमार महतो ने सरकार से शहीद निर्मल महतो के हत्यारे को रिहा करने के फैसले को वापस लेने की मांग की है. उन्होंने कहा कि फैसला वापस नहीं हुआ, तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे.
श्री महतो शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा कि झारखंडी अवाम एवं जनभावना के खिलाफ सरकार ने झारखंड आंदोलन के मसीहा शहीद निर्मल महतो के शूटर को जेल से रिहा करने का फैसला लिया है. इसको लेकर आम लोगों में रोष व्याप्त है. झारखंड आंदोलनकारी पिछले कई साल से शहीद निर्मल महतो की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता का पर्दाफाश करने व एनआइए जांच की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं.
सरकार के इस फैसले से शहीद परिवार के साथ-साथ आंदोलनकारी आहत और व्यथित हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शहीद निर्मल महतो का शूटर जेल से रिहा होता है, तो वे मुख्यमंत्री आवास में घुस कर आत्मदाह करेंगे. सरकार अविलंब जन विरोधी फैसले को वापस ले, नहीं तो झारखंड एक बार फिर से जल उठेगा.
