रांची : नामकुम में विश्वकर्मा पूजा महोत्सव के दाैरान मंगलवार की रात सांस्कृतिक भोजपुरी कार्यक्रम दो गोला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन नामकुम टाटीसिलवे रेलवे गुडस शेड ट्रक अॉनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया था. यूपी बलिया से आये व्यास कमलेश देहाती व बिहार छपरा के व्यास साहेब गिरि के बीच जोरदार मुकाबला हुआ.
दोनों टीमों को 45-45 मिनट का समय कार्यक्रम पेश करने के लिए दिया गया. व्यास कमलेश देहाती ने प्रेम की माला जपते-जपते… से कार्यक्रम की शुरुआत की. हाथ जोड़त बानी, चरनवां पड़त बानी ए मइया…के गीत पर लोगों को झुमाया. दो गोला के रंग में उपस्थित लोग झूमते रहे. कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा.
इससे पूर्व मुख्य अतिथि राज्य के डीजीपी डीके पांडेय ने भोजपुरी भाषा में कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को जोड़ेला. लोग आपस में प्रेम भाइचारा के साथ रहे, यह प्रयास चलत रहे के चाही. राज्य में शांति-व्यवस्था के लिए हम जी-जान से लागल बानी. रात में ट्रक-बसवालों को परेशान न होना पड़े. हम एकरा के देखब. विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि भाषाएं जोड़ने का काम करती है. भोजपुरी भाषा प्रेम की भाषा है.
अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक राजदेव सिंह यादव ने किया. इस अवसर पर सरला-बिड़ला स्कूल के निदेशक प्रदीप वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार विजय पाठक, वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह, विश्राम चाैधरी, अध्यक्ष राजकिशोर सिंह यादव, निरंजन शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.
