रांची : झारखंड हाइकोर्ट को दो स्थायी जज मिल गये हैं. एडिशनल जस्टिस डॉ शिवा नंद पाठक व जस्टिस राजेश शंकर को स्थायी जज बनाया गया है. इस संबंध में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हस्ताक्षर से नियुक्ति वारंट जारी किया गया है.
साथ ही केंद्रीय विधि व न्याय मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजिंदर कश्यप के हस्ताक्षर से गुरुवार को अधिसूचना जारी की गयी है. राज्यपाल डॉ द्रौपदी मुर्मू द्वारा शपथ ग्रहण की तिथि तय होने के बाद जस्टिस पाठक व जस्टिस शंकर परमानेंट जज के रूप शपथ लेंगे. उक्त न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने आठ अगस्त 2018 को परमानेंट जज बनाने की अनुशंसा केंद्र सरकार से की थी.
30 सितंबर 2016 को बने थे हाइकोर्ट के एडिशनल जज : वरीय अधिवक्ता डॉ शिवानंद पाठक व अधिवक्ता राजेश शंकर 30 सितंबर 2016 को झारखंड हाइकोर्ट के एडिशनल जज बनाये गये थे. इधर, झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व झारखंड हाइकोर्ट के वरीय अधिवक्ता पीसी त्रिपाठी ने डॉ एसएन पाठक व राजेश शंकर को स्थायी जज बनाने जाने पर आभार प्रकट किया है.
