अनुपस्थित बैंकों को शो-कॉज करने का निर्देश
रांची : जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की समीक्षा बैठक मंगलवार को समाहरणालय भवन के सभाकक्ष में हुई. अध्यक्षता रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने की. बैठक में ऋण-जमा अनुपात व सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न ऋण योजनाओं की वर्तमान वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा की गयी.
सांसद रामटहल चौधरी ने खास कर कृषि ऋण का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने सहित जमा-ऋण अनुपात बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि किसानों और बेरोजगार लोगों को मदद मिल सके. उपायुक्त ने बैठक में अनुपस्थित बैंकों को शो-काॅज करने का निर्देश दिया. अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक संजय कुमार सिन्हा ने कृषि ऋण को बढ़ाने के लिए बैंकों के साथ-साथ सभी संबंधित कार्यालय जैसे जिला कृषि कार्यालय, जिला गव्य विकास कार्यालय, जिला मत्स्य कार्यालय आदि को समन्वय से कार्य करने का अनुरोध किया.
बैठक में नाबार्ड की डीडीएम के नेतृत्व में जिला स्तरीय कृषि उप समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया. बैठक में मांडर की विधायक गंगोत्री कुजूर, भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक राजेश तिवारी आदि मौजूद थे.
