स्क्रीनिंग व ग्रेडिंग कार्यक्रम में 64 टीमों ने हिस्सा लिया
स्क्रीनिंग के माध्यम से रांची जिला प्रशासन के पास बेहतर व सशक्त टीमें आयेंगी
रांची : रांची डीडीसी दिव्यांशु झा की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने शुक्रवार को सांस्कृतिक दलों के कार्यक्रमों को देखा. उसकी प्रस्तुति के अनुसार ग्रेडिंग दी. मौके पर डीडीसी श्री झा ने कहा कि सरकार आमलोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं, लेकिन लोगों को उसकी जानकारी नहीं होने के कारण उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है. अगर सीधे-सीधे लोगों को जानकारी दी जाती है, तो उसका उतना असर नहीं होता है. पर उसी चीज जो कलाकार अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित करते हैं, तो उसका गहरा असर पड़ता है. श्री झा ने कहा कि इस स्क्रीनिंग के माध्यम से रांची जिला प्रशासन के पास बेहतर व सशक्त टीमें आयेंगी, जो गांव-गांव में अच्छे तरीके से सरकार की योजनाओं का प्रचार कर सकेंगी. उसका फलाफल भी मिल सकेगा.
रांची समाहरणालय ब्लॉक-बी के कमरा नंबर 505 में जिला सूचना एवं जनसंपर्क इकाई रांची द्वारा आयोजित स्क्रीनिंग व ग्रेडिंग कार्यक्रम का शुक्रवार को अंतिम दिन था. इसमें कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया. स्क्रीनिंग पिछले पांच सितंबर से चल रही था. डीडीसी श्री झा ने निर्णायक मंडली के सभी सदस्यों को सम्मानित किया. उनलोगों को सम्मान के तौर पर प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न व शॉल प्रदान किये गये. चयन समिति में पद्मश्री मुकुंद नायक, पं सतीश शर्मा, अजय मलकानी, संजय लाल व सरिता चंद्र शामिल थीं. चयन समिति की जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल ने बताया कि निर्णायक मंडली के निर्णय के आधार पर निर्धारित मापदंडों के अनुसार ग्रेडिंग दी जायेगी.
