पिस्कानगड़ी : महिला की पहले की हत्या, फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए हाथ में पकड़ा दिया कट्टा

ग्रामीण एसपी व एफएसएल की टीम ने की जांच पिस्कानगड़ी : नगड़ी थाना क्षेत्र के बरसा गांव निवासी मुस्तफा अंसारी की पुत्री अकमून खातून (20 वर्ष) की मंगलवार की रात सिर में गोली मार कर हत्या कर दी गयी. उसका शव अपने चाचा के बरसी गांव स्थित घर में मिला. इस घटना को आत्महत्या का […]

ग्रामीण एसपी व एफएसएल की टीम ने की जांच
पिस्कानगड़ी : नगड़ी थाना क्षेत्र के बरसा गांव निवासी मुस्तफा अंसारी की पुत्री अकमून खातून (20 वर्ष) की मंगलवार की रात सिर में गोली मार कर हत्या कर दी गयी. उसका शव अपने चाचा के बरसी गांव स्थित घर में मिला.
इस घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके हाथ में देशी कट्टा पकड़ा दिया गया. इधर, घटना की सूचना मिलने पर जब बुधवार को ग्रामीण एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग एफएसएल की टीम के साथ घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे, तब पुलिस को हत्या से संबंधित साक्ष्य मिले. हत्याकांड को अंजाम देने के पीछे किन लोगों का हाथ हो सकता है, पुलिस इस बिंदु पर जानकारी एकत्र कर रही है. जिस घर से महिला का शव मिला है, उस घर में रहनेवाले लोग भी फरार हैं.
घर पर नहीं मिल रहा था मोबाइल नेटवर्क का सिग्नल, इसलिए बाहर निकली थी अकमून : मृतका के पिता मुस्तफा अंसारी ने बताया कि बीती रात लगभग 8:30 बजे अकमून खातून घर से यह कहकर निकली कि मोबाइल में बात कर वह आ रही है.
उस समय उनके घर पर मोबाइल का नेटवर्क नहीं आ रहा था. इसके ठीक एक घंटा बाद किसी ने मुस्तफा अंसारी को सूचना दी कि उसकी बेटी उसके भाई के घर के अंदर गिरी हुई है और उसके शरीर से खून बह रहा है. सूचना मिलने पर वह तुरंत भाई के घर पहुंचे, तो देखा कि अकमून के हाथ में एक 315 बोर का देसी कट्टा पड़ा है और वह मृत पड़ी थी. आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत घटना को सूचना नगड़ी पुलिस को दी.
पांच माह पहले गाजियाबाद में हुई थी अकमून की शादी : अकमून खातून की शादी पांच माह पूर्व दिल्ली गाजियाबाद में हुई थी. मुस्तफा अंसारी के दामाद ने पिछले दिनों उनकी बेटी को घर पहुंचा दिया था. उसने कहा था कि वह वापस लौट कर पत्नी को गाजियाबाद ले जायेगा.
बुधवार की सुबह जब नगड़ी थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के पिता को बुलाकर इस संबंध में पूछताछ की, तो उन्हें कोई परिणाम नहीं निकलता नजर आया. इसके बाद उन्होंने फोरेंसिक टीम को बुलाया और जांच के लिए उसके फिंगर प्रिंट सहित कई सैंपल एकत्र किये. घटना के संबंध में नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि अकमून खातून की हत्या की गयी है और उसे एक साजिश के तहत आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है. पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
नगड़ी के बरसा गांव में हुई घटना, चाचा के घर पर मिला शव
ऐसे पुलिस हत्या के निष्कर्ष पर पहुंची
महिला के हाथ में देशी कट्टा पड़ा था. जब एफएसएल की टीम ने जांच शुरू की तो पाया कि महिला के हाथ में गन पाउडर के निशान नहीं हैं. अगर महिला ने खुद से गोली चलायी होती, तो उसके हाथ में गन पाउडर के निशान पाये जाते.
महिला अगर कट्टा से खुद को गोली मारती, तो कट्टा छिटक कर दूर जा गिरता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.घटनास्थल पर अधिक खून गिरा नहीं पाया गया. शव सामान्य रूप से पड़ा था. इसलिए पुलिस को संदेह है कि दूसरे स्थान पर महिला की हत्या कर शव को कमरे में लाया गया है़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >