रांची : राज्यपाल ने कहा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक देश के लिए बड़ी सौगात

देश भर में 650 शाखाओं और 3250 केंद्रों का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ हुआ रांची : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक देशवासियों के लिए बड़ी सौगात है. एक साथ देश भर में 650 शाखाओं और 3250 केंद्रों का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ हुआ. इससे शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवा बेहतर […]

देश भर में 650 शाखाओं और 3250 केंद्रों का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ हुआ
रांची : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक देशवासियों के लिए बड़ी सौगात है. एक साथ देश भर में 650 शाखाओं और 3250 केंद्रों का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ हुआ. इससे शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवा बेहतर होगी. साथ ही डिजिटल भुगतान को बल मिलेगा. श्रीमती मुर्मू शनिवार को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आइपीपीबी) के रांची शाखा के शुभारंभ के मौके पर बोल रही थीं.
उन्होंने कहा कि यह देश के सबसे बड़े बैंकिंग नेटवर्क में प्रमुख होगा. इस बैंक में खाता संख्या और पिन को याद रखने की जरूरत नहीं है. अब डाकिया का इंतजार चिट्ठी के लिए नहीं, बल्कि बैंक के लिए होगा. ऐसा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की डोर स्टेप बैंकिंग की सुविधा के जरिये होगा. इस योजना का मकसद देश के दूर-दराज इलाके के लोगों को आसानी से ट्रांजेक्शन की सुविधा सुलभ कराना है.
विद्यार्थियों से लेकर व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा
सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि डाक विभाग एक तरह से मृत प्राय: हो गया था. लेकिन इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के आने के बाद गति मिलेगी.
गांव में रहने वाले विद्यार्थी, किसान, व्यापारी से लेकर वृद्धों को इसका काफी लाभ मिलेगा. डाक विभाग का नेटवर्क काफी बड़ा है. विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि गांव के किसान, दूध वाले आदि बैंक जाने से कतराते हैं, लेकिन पोस्ट पेमेंट्स बैंक के दूरगामी परिणाम दिखेंगे. इससे डिजिटल क्रांति आयेगी.
इतिहास में यह बड़ी उपलब्धि
डाक विभाग, झारखंड की मुख्य डाक महाध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर ने कहा कि बैंक के इतिहास में यह बड़ी उपलब्धि है. घर से बैंकिंग काम होगा. आधार कार्ड और बायोमेट्रिक के प्रयोग से खाता खुलेगा. पूरी तरह से पेपरलेस होगा. वित्तीय समावेशन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
इस दौरान राज्यपाल ने वित्तीय समावेशन पर विशेष आवरण का विमोचन करने के साथ-साथ ग्राहकों को क्यूआर कार्ड वितरित किया. मौके पर डाक विभाग के पूर्व सीपीएमजी एएस प्रसाद, पूर्व पीएमजी केके भगत, रीजनल पासपोर्ट ऑफिस के सनातन, यूआइडीएआइ के एडीजी देवशंकर, झारखंड चेंबर के अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया, कुणाल अजमानी, डाक विभाग के असिस्टेंट सुप्रिटेंडेंट प्रीतेश बंसल सहित कई अधिकारी व डाकिया उपस्थित थे. स्वागत भाषण रांची डिवीजन के वरिष्ठ डाक अधीक्षक केडी सिंह व धन्यवाद ज्ञापन इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, झारखंड के नोडल ऑफिसर विनय चौधरी ने दिया.
ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा हो
राज्यपाल ने कहा कि यहां के बच्चाें को नौकरी के लिए परेशान होना पड़ता है. ब्लॉक व पंचायत स्तर पर ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए. इसके लिए आप प्रयास करें और मैं भी अपने स्तर से प्रयास करूंगी.
रांची : ऐसे काम करेगा पोस्ट पेमेंट्स बैंक-खबर में जोड़
रांची : पोस्ट पेमेंट्स बैंक में बैंक शाखा व एक्सेस प्वाइंट से खाता आसानी से खुलेगा. यहां आधार कार्ड और बायोमीट्रिक के प्रयोग से ग्राहकों का नि:शुल्क बचत व चालू खाता खोला जायेगा. बचत खाता के लिए केवल आधार नंबर जरूरी है. अाइपीपीबी के एप से मोबाइल व नेट बैंकिंग की सुविधा मिलेगी.
अधिकतम जमा राशि एक लाख रुपये तक किये जा सकेंगे. बचत खाते में चार प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा. ग्राहकों को घर पर बैंकिंग सुविधाएं मिलेगी. क्यूआर कार्ड मिलेगा. कैश ट्रांजेक्शन के लिए 25 रुपये चार्ज लिये जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >