रांची : शिक्षक दिवस पर राज्य सरकार शिक्षकों को पुरस्कृत करेगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक से 31 अगस्त तक चयनित शिक्षकों का नाम देने के लिए कहा गया है. गत दो वर्षों से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम नहीं हो पा रहा था. प्लस टू उच्च विद्यालय से लेकर प्राथमिक विद्यालय तक के शिक्षकों को पुरस्कृत किया जायेगा.
प्रावधान के अनुरूप प्रत्येक जिला व अनुमंडल से पांच-पांच शिक्षकों का चयन होना है. जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए एक शिक्षक को 15 हजार व अनुमंडल स्तरीय पुरस्कार के लिए दस हजार रुपये दिये जाते हैं.
प्रतीक चिह्न व प्रमाण पत्र भी दिये जाते हैं. प्रखंड स्तरीय पुरस्कार प्राथमिक व मध्य विद्यालय के शिक्षकों को ही दिया जायेगा. प्रखंड स्तरीय पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक को प्रखंड स्तर पर ही पुरस्कृत किया जायेगा. शिक्षक दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. राज्य स्तरीय समारोह में जिला व अनुमंडल स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया जायेगा.
