संबद्धता समिति की बैठक में 16 प्रस्तावों को स्वीकृति
रांची : रिम्स के डेंटल कॉलेज को रांची विश्वविद्यालय से संबद्धता मिल गयी. विश्वविद्यालय से संबद्धता मिलने के साथ विद्यार्थियों की परीक्षा का भी रास्ता साफ हो गया. कॉलेज को संबद्धता देने का निर्णय मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय की संबद्धता समिति की हुई बैठक में लिया गया. समिति की बैठक कार्यकारी कुलपति प्रो कामिनी कुमार की अध्यक्षता में हुई. रिम्स के डेंटल कॉलेज में वर्ष 2017 में प्रथम बैच के विद्यार्थियों का नामांकन हुआ था. बैठक में कॉलेजों में नये विषयों की पढ़ाई की स्वीकृति दी गयी.
गोस्सनर कॉलेज में पीजी स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल, मानवशास्त्र, भौतिकी, रसायन, गणित, वनस्पति शास्त्र, भूगर्भ शास्त्र, जंतु विज्ञान व एम कॉम की पढ़ाई शुरू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी. मौलाना आजाद कॉलेज में बीकॉम व बीए की पढ़ाई जारी रखने की स्वीकृति दी गयी, पर कॉलेज में कुड़ुख, नागपुरी व कुरमाली भाषा की पढ़ाई शुरू करने के प्रस्ताव को फिलहाल स्वीकृति नहीं दी गयी. कॉलेज को इन विषयों में शिक्षक की नियुक्ति की रिपोर्ट 15 दिनों में देने के लिए कहा गया है. इसके बाद इस पर आगे का निर्णय लिया जायेगा. संजय गांधी मेमोरियल कॉलेज पंडरा में सत्र 2018-21 में बीएससी की पढ़ाई को स्वीकृति दी गयी.
योगदा सत्संग कॉलेज में एमकॉम की पढ़ाई को सत्र 2018-20 के लिए अस्थायी संबद्धता के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी. संबद्धता समिति की बैठक में एसके बागे कॉलेज कोलेबिरा को सत्र 2018-21 के लिए बीकॉम जेनरल व ऑनर्स कोर्स, यूकेएस कॉलेज डकरा को शैक्षणिक सत्र 2018-21 के लिए बीए जेनरल व ऑनर्स कोर्स, संत पॉल कॉलेज रांची को शैक्षणिक सत्र 2018-21 के लिए बीए अॉनर्स, बीकॉम व बीएससी जेनरल व ऑनर्स कोर्स के लिए अस्थायी संबद्धता प्रदान की गयी.
केओ कॉलेज रातू को तीनों संकाय में जेनरल व ऑनर्स कोर्स के लिए, बसिया कॉलेज बसिया को बीए ऑनर्स व जेनरल कोर्स के लिए व डुमरी कॉलेज को बीए व बीकॉम के ऑनर्स व जेरनल कोर्स की पढ़ाई के लिए संबद्धता दी गयी. तीनों कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2018-21 के लिए अस्थायी संबद्धता का विस्तार दिया गया.
बैठक में कुलसचिव डॉ अमर कुमार चौधरी, डीएसडब्ल्यू डॉ पीके वर्मा, सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ एके चौधरी, मानविकी संकाय की संकायाध्यक्ष डॉ सरस्वती मिश्रा, वनस्पति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ एसके चौधरी, उप कुलसचिव एक प्रीतम कुमार समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
नर्सिंग व बीएड कॉलेजों को भी संबद्धता
संबद्धता समिति की बैठक में नर्सिंग व बीएड कॉलेज की संबद्धता के विस्तार पर विचार किया गया. बैठक में साइन अबदुर रज्जाक अंसारी इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर इरबा को बीएससी नर्सिंग व एमएससी नर्सिंग के लिए सत्र 2017-18 की अस्थायी संबद्धता देने पर विचार किया गया. कॉलेज को सशर्त संबद्धता देने को स्वीकृति दी गयी. कॉलेज को 15 दिनों के अंदर साक्ष्य देने को कहा गया.
साक्ष्य नहीं देने पर संबद्धता का निर्णय अस्वीकृत कर दिया जायेगा. फ्लोरेंस कॉलेज निर्सिंग, नर्सिंग कॉलेज ऑफ रिम्स, संत बरनबास हॉस्पिटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग की अस्थायी संबद्धता को स्वीकृति दी गयी. मनरखन महतो बीएड कॉलेज के सत्र 2017-18 के एमएड की पढ़ाई को अस्थायी स्वीकृति दी गयी.
