रांची : कन्यादान योजना की राशि दो वर्ष बाद भी लाभुकों को नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव रमाकांत सिंह ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने एक सप्ताह में सभी को राशि भुगतान करने का निर्देश दिया. श्री सिंह मंगलवार को मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने 12 शिकायतों की समीक्षा की. गोड्डा जिले के यमुना प्रसाद मुंडा की बेटी अर्चना कुमारी सहित 39 लोगों ने कन्यादान योजना के तहत भुगतान नहीं होने के मामले में नोडल अधिकारी ने बताया कि सीडीपीओ की गलती से चालान वापस कर दिया गया था. उन्हें शो-कॉज किया गया है. कहा गया कि एक हफ्ते के अंदर सभी का भुगतान सुनिश्चित करें.
एक सप्ताह में नियुक्ति पत्र देने का आदेश : रांची नगर निगम के आदेशपाल राम अवतार साह की मृत्यु सेवाकाल के दौरान हो गयी थी. घटना के छह साल बाद भी उनके पुत्र विकास कुमार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी नहीं दिये जाने की शिकायत पर अपर सचिव ने एक हफ्ते में नियुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया है.
चतरा की पानू कुंवरी की तीन वर्ष बीतने के बावजूद अधिग्रहित जमीन के एवज मेंअभी तक मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत पर अपर सचिव ने निर्देश दिया कि अगर उनकी भूमि ली गयी है, तो उसका भुगतान करना होगा.
मुआवजा राशि व नौकरी के मामले को जल्द निष्पादित करें : खूंटी, तोरपा के जरिया मोड़ में पीएलएफआइ उग्रवादियों द्वारा गोली मार कर हत्या कर दिये जाने के दो वर्ष बाद भी शिवशंकर नाग को मुआवजा राशि और नौकरी नहीं मिलने की शिकायत पर अपर सचिव ने नोडल अधिकारी को जल्द इस मामले को निष्पादित करने का निर्देश दिया. साथ ही सिमडेगा सदर अस्पताल के एएनएम स्कूल में नौ चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को एक हफ्ते में मानदेय भुगतान करने का निर्देश दिया.
