पुराने जेल परिसर में 55 करोड़ से बनेगा 125 मीटर ऊंचा वाच टावर

सचिव ने निर्माण को हरी झंडी देते हुए इस दिशा में आगे बढ़ने का दिया निर्देश रांची : राजधानी रांची में भी अब विदेश की तर्ज पर वाच टावर का निर्माण किया जायेगा. पुराने जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में नगर विकास एवं आवास विभाग लगभग 125 मीटर ऊंचे वाच टावर का […]

सचिव ने निर्माण को हरी झंडी देते हुए इस दिशा में आगे बढ़ने का दिया निर्देश
रांची : राजधानी रांची में भी अब विदेश की तर्ज पर वाच टावर का निर्माण किया जायेगा. पुराने जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में नगर विकास एवं आवास विभाग लगभग 125 मीटर ऊंचे वाच टावर का निर्माण करायेगा. वाच टावर पर एक रेवोल्विंग रेस्टोरेंट भी बनाया जायेगा, जिसमें लोग बैठ कर लजीज व्यंजनों का लुत्फ तो उठायेंगे ही, सवा सौ मीटर की ऊंचाई से शहर की खूबसूरती का दीदार भी कर पायेंगे. टावर तक पहुंचने के लिए तीन लिफ्ट भी लगाये जायेंगे.
टावर के निर्माण के प्रारूप पर सहमति बन गयी है. कंसल्टेंट कंपनी ने कई देशों के वाच टावर के मॉडल का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह के समक्ष पेश किया है. श्री सिंह ने वाच टावर निर्माण को हरी झंडी देते हुए इस दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश दिया है.
वाच टावर के निर्माण पर लगभग 55 करोड़ रुपये खर्च होंगे. टावर के ऊपरी हिस्से में रेवोल्विंग रेस्टोरेंट होगा. रेस्टोरेंट में लगभग 100 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता होगी. रेस्टोरेंट में किचन, बार एरिया, लाउंज, सीटिंग एरिया और टॉयलेट के लिए अलग-अलग जगह चिह्नित होंगे.
वाच टावर में टूरिस्ट को देखने के लिए कुछ अलग से क्षेत्र निर्धारित किया जायेगा. इसके अलावा वहां टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर का भी निर्माण होगा. जमीन से 100 फीट की ऊंचाई पर एक फ्लोर का निर्माण होगा. वाच टावर के ठीक सामने भगवान बिरसा मुंडा की 100 फीट ऊंची प्रतिमा होगी. पार्क में लाइट एंड साउंड शो की भी व्यवस्था होगी. लोग फ्लोर पर रुक कर भगवान बिरसा मुंडा की 100 फीट ऊंची प्रतिमा का दर्शन कर पायेंगे. फिर रेस्टोरेंट के लिए लिफ्ट के सहारे जा सकेंगे.
मालूम हो कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने राजधानी रांची में नगर विकास विभाग की चल रही योजनाओं की समीक्षा की थी.उस दौरान उन्होंने पार्क की आधारभूत संरचना में कई बदलाव करने के निर्देश भी दिये थे. इसी क्रम में बिरसा स्मृति पार्क में टावर बनाने का निर्णय लिया गया है. यहां यह भी उल्लेखनीय है की भारत में 125 मीटर ऊंचा कोई ऐसा टावर अब तक नहीं है, जिस पर रेस्टोरेंट का निर्माण हुआ हो. हालांकि, विदेशों में ऐसी व्यवस्था है. राज्य सरकार चाहती है कि राजधानी रांची के लोगों को विदेशों की तर्ज पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करायी जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >