रांची : आजमीने हज से मिलने के लिए सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बिरसा मुंडा एयरपोर्ट गये थे. वहां उन्होंने हज यात्रियों से मिल कर उन्हें यात्रा की शुभकामना दी अौर हज के दौरान देश व राज्य की तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वे हर साल आजमीने हज को विदा करने आते हैं और यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगता है.
उनके साथ पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, योगेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश साव, राजीव रंजन मिश्रा, सरोज सिंह, तौहीद आलम, मोजीब कुरैशी, नदीम इक़बाल, अकबर कुरैशी, हाजी उमर, साजिद उमर, जमाल गद्दी, फैसल इकबाल शाहिद सहित अन्य थे. सभी ने हज के दौरान सभी के लिए दुआ करने की अपील की. इससे पूर्व मीटिंग एंड ग्रीटिंग एरिया में सभी हज यात्रियों की सफल यात्रा के लिए दुआ की गयी. हज कमेटी सहित अन्य कमेटी के लोग उनकी विदाई व सेवा के लिए उपस्थित थे.सोमवार को पहले विमान में गिरिडीह के 86 व रांची के 49 हज यात्री थे . वहीं दूसरे विमान में गिरिडीह के 95 , गुमला के 2 और लातेहार 37 यात्री थे.
शाम चार बजे से ही आने लगते हैं मिलनेवाले : हज यात्रियों को विदा करने के लिए लोगों का शाम चार बजे से ही आना शुरू हो जाता है. लोग अपने-अपने हज यात्रियों का वहां इंतजार करते हैं अौर वहां पहुंचने के बाद उनसे मुलाकात कर दुआ करने की अपील करते है तो कई अपनी परेशानियों को दूर करने के लिए फरियाद करने की अपील करते है. रात नौ बजे तक लोगों की भीड़ लगी रहती है.
