स्कूल जाने के नाम पर निकले छात्र गये थे दिल्ली तीन में से दो घर लौट आये
तीनों छात्र के अपहरण को लेकर 26 जुलाई को दर्ज हुआ था केस रांची : सदर थाना क्षेत्र के इलाही बक्स कॉलोनी से स्कूल जाने के नाम पर 25 जुलाई को घर से निकले छात्र फैजान अंसारी (10), अल्ताफ अंसारी (14) और दिलावर हुसैन (15) में फैजान और अल्ताफ अपने घर लौट आये हैं. जबकि […]
तीनों छात्र के अपहरण को लेकर 26 जुलाई को दर्ज हुआ था केस
रांची : सदर थाना क्षेत्र के इलाही बक्स कॉलोनी से स्कूल जाने के नाम पर 25 जुलाई को घर से निकले छात्र फैजान अंसारी (10), अल्ताफ अंसारी (14) और दिलावर हुसैन (15) में फैजान और अल्ताफ अपने घर लौट आये हैं. जबकि दिलावर दिल्ली से ही ट्रेन में बैठ कर अपनी नानी के घर मुजफ्फरपुर (बिहार) चला गया है. परिजनों से शनिवार को दोनों छात्रों के लौटने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उनके बारे में जानकारी ली.
उल्लेखनीय है कि इलाही बक्स कॉलोनी के तीन छात्र जब 25 जुलाई की शाम चार बजे तक घर नहीं लौटे, तब उनके परिजनों को अनहोनी की आशंका होने लगी. इस पर तीनों छात्रों के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद छात्र के पिता की शिकायत पर 26 जुलाई को तीनों के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. जांच के दौरान शुक्रवार को तीनों छात्रों के दिल्ली में होने की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद पुलिस ने दिल्ली सीडब्ल्यूसी से संपर्क किया था. छात्रों ने दिल्ली जाने के लिए पहले से रुपये एकत्र कर रखे थे. मामले में छात्रों के अपहरण की बात सामने नहीं आयी है.
दिल्ली जाने के लिए पहले से बना रखा था प्लान
छात्रों ने बताया कि वे दिल्ली घूमने के लिए गये थे. दिल्ली जाने की उनकी पूर्व से योजना थी. इसलिए वे 25 जुलाई की सुबह जब ड्रेस पहन कर स्कूल जाने के लिए घर से निकले, तब ड्रेस के अंदर एक दूसर कपड़ा भी पहन रखा था. सभी छात्र एक साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और दिल्ली पहुंचने के बाद ट्रेन से उतर कर चार घंटा इधर- उधर घूमने के बाद दो छात्र दिल्ली से ही ट्रेन से वापस रांची के लिए निकल गये. जबकि दिलावर अपनी नानी के घर चला गया. दोनों छात्रों के लौटने के बाद पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि उनके साथ नामकुम का भी एक छात्र दिल्ली गया था. उसके लापता होने को लेकर नामकुम थाना में सनहा दर्ज हुआ था. वह छात्र भी वापस लौट चुका है.