सिर्फ सरकारी कार्यों के लिए सदन चले, यह ठीक नहीं : आलमगीर
रांची : कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि मॉनसून सत्र में सदन चले, इसके पक्ष में कांग्रेस पार्टी है. लेकिन सिर्फ सरकारी कार्य के लिए सदन चले, यह ठीक नहीं है.
सदन में जो भी निर्णय लिये जायें या जो भी विधेयक पास हो, वह जनता के हित में हो. तभी सदन का चलना सार्थक है. भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक को जबरन बहुमत की आड़ में ध्वनिमत से सदन में पारित कराया गया. आज सरकार कहती है कि हम संशोधन विधेयक पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं.
जबरन विधेयक पारित कराने से पहले सदन में व्यापक चर्चा क्यों नहीं करायी गयी. अगर चर्चा में सरकार अपना पक्ष रख कर सभी को विधेयक के फायदे के बारे में बता पाती, तो आज यह नौबत नहीं आती. हम चर्चा के लिए तैयार हैं. इसके लिए सरकार पहले संशोधन विधेयक को वापस ले, फिर चर्चा कराये. अगर विधेयक में लाये गये संशोधन जनता के हित में होंगे, तो इस पर विचार होगा. संशोधन विधेयक वापस नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक विरोध करेगी. श्री आलम रविवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
सरकार का विकास सिर्फ आंकड़ों में, धरातल पर नहीं
आलम ने कहा कि सरकार सदन के प्रति गंभीर नहीं है. बजट सत्र में पूछे गये सवालों के जवाब भी अब तक विभाग ने नहीं दिये. सरकार का विकास केवल आंकड़ों में है, धरातल पर नहीं. इसलिए सरकार सदन से भागती है.
उन्होंने कहा कि पाकुड़ जिला के बेलपोखर में अतिक्रमण के नाम पर लोगों को जबरन उजाड़ा गया. राज्य हज कमेटी के गठन में हज कमेटी अधिनियम 2002 का अनुपालन नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की बात झूठी साबित हो रही है.
सरकार ने उर्दू मध्य विद्यालय हिरणडांगा बाजार, पाकुड़ का विलय मध्य विद्यालय हिरणडांगा पाकुड़ में कर दिया है. यहां पर अंग्रेजी विषय को छोड़ कर सभी विषयों की पढ़ाई देवनागरी लिपि में होती है. ऐसे में 226 उर्दू भाषी छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है. मौके पर प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोरनाथ शाहदेव, आलोक कुमार दुबे व डॉ राजेश कुमार गुप्ता मौजूद थे.
