रांची : भाजपा ने विपक्ष के बंद को सुपर फ्लॉप बताया है. भाजपा नेताओं ने कहा है कि बंद का जनता ने समर्थन नहीं किया. जनता ने समर्थन नहीं कर भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल पर अपनी राय दे दी है.
भाजपा के राज्यसभा सांसद समीर उरांव, महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और दीनदयाल वर्णवाल गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे. महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि 32 संगठनों के द्वारा आहूत बंद के दौरान पूरे प्रदेश में सिर्फ 15 हजार लोग गिरफ्तार हुए. इससे साफ है कि पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं की भारी किल्लत है.
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा अनेक स्थानों पर हिंसा का भी प्रयास किया गया. चक्रधरपुर के विधायक द्वारा वहां के एक सरकारी शिक्षक के साथ मारपीट करने की घटना सामने आयी है. रांची में अधिवक्ता विजय कुमार के साथ बंद समर्थकों ने मारपीट की.
भाजपा नेताओं ने कहा कि दुमका में बच्चों को सड़क जाम करने के लिए भोजन देकर सड़क पर बैठाया गया. गिरिडीह में बच्चों को कांग्रेसियों ने अपना झंडा थमा कर नारेबाजी करायी. भूमि अधिग्रहण बिल पर विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है. इस बिल का सरलीकरण किया गया है. कहीं पर भी पूंजीपतियों को जमीन देने की बात नहीं है.
विपक्षी एकता नहीं दिखी, केवल नौटंकी
राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने कहा कि विपक्षी एकता नौटंकी है. विपक्ष की कोई ताकत राज्य में नहीं दिखी. बंद पूरी तरह से असफल रहा. विपक्ष के एक भी बड़े नेता के साथ कार्यकर्ता नहीं दिखे. एकजुट होकर विपक्ष के बड़े नेता को सड़क पर निकलते भी नहीं देखा गया. राज्य की जनता ने विपक्ष को नकार दिया है. जनता बिल के सरलीकरण के साथ है.
स्कूल बंद नहीं करने पर दिव्यांग शिक्षक को विधायक ने जड़ा थप्पड़
चक्रधरपुर : भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन के खिलाफ गुरुवार को बुलाये गये झारखंड बंद के दौरान चक्रधरपुर में विधायक शशिभूषण सामड ने स्कूल बंद नहीं करने पर एक सरकारी स्कूल के दिव्यांग शिक्षक को छप्पड़ जड़ दिया. पीड़ित शिक्षक निर्मल कुमार दुबे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विधायक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
