रांची : भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन के खिलाफ पांच जुलाई को संपूर्ण विपक्ष के झारखंड बंद को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गयी है. एडीजी अभियान आरके मल्लिक ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस का स्टैंड क्लियर किया.
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक बंद करनेवालों को सुरक्षा देने का काम पुलिस करेगी़ लेकिन बंद के दौरान किसी तरह की हिंसक कार्रवाई करने व बंद का समर्थन नहीं करने वालों लोगों के साथ जबरदस्ती करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. एडीजी ने कहा कि बंद के दौरान आमलोगों को परेशानी न हो, यह सुनिश्चित कराने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया गया है.
फोर्स की तैनाती के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह संबंधित जिलों के डीसी-एसपी अपने स्तर पर करेंगे. उन्होंने कहा कि बंद के दौरान हिंसा न हो, विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पिछली घटनाओं के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाने का निर्णय जिलाें के डीसी-एसपी को लेना है.
जहां तक अतिरिक्त बल की तैनाती की बात है, तो फोर्स की कमी नहीं है. उपलब्ध फोर्स में से जिलों को मांग के अनुरूप फोर्स मुहैया कराया जायेगा़ बंद के दौरान यातायात व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित होती है, इसके मद्देनजर भी पुलिस मुख्यालय के स्तर से जिलों के एसपी का वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान निर्देश दिये गये हैं.
भरना होगा जुर्माना
रांची : राजधानी में पुख्ता इंतजाम किये गये है़ं सिटी एसपी ने बताया कि सीसीटीवी के अलावा वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की जायेगी़ इस दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले राजनीति दल अथवा संस्था को चिह्नित किया जायेगा़ तोड़फोड़ करनेवालों पर कार्रवाई भी होगी और जुर्माना भी वसूला जायेगा़
