नयी दिल्ली : दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने के बाद इंजन में आयी खराबी के चलते इंडिगो के विमान की रविवार को आपात लैंडिंग करानी पड़ी. पायलटों ने इंजन को हवा में ही बंद कर दिया और एक इंजन के दम पर विमान में सवार 190 लोगों को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया. इस घटना की इंडिगो कंपनी के प्रवक्ता ने पुष्टि की है.
प्रवक्ता ने बताया कि रांची की ओर उड़ान भरने वाले विमान 6इ-509 को वापस दिल्ली में उतारना पड़ा. टेकऑफ के बाद विमान के इंजन में खराबी आ गयी थी, जिसके बाद औद्योगिक मानकों को ध्यान में रखते हुए हवा में ही विमान के इंजन को बंद करना पड़ा. विमान में मौजूद 183 मुसाफिरों और 7 क्रू सदस्यों को सुरक्षित दिल्ली के एयरपोर्ट पर उतार लिया गया. मामले की जांच की जा रही है. इससे पहले कोलकाता में भी इंजन में खराबी के चलते विमान के उड़ान नहीं भर पाने की घटना सामने आयी थी.
दोपहर 3.35 बजे रांची पहुंचा इंडिगो विमान
रांची : नयी दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाईट 6ई-509 रविवार को दोपहर 3.35 बजे रांची पहुंचा. रांची के एयरपोर्ट ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से मिली जानकारी के अनुसार, रांची में भी विमान के ईंजन की जांच की गयी. बाद में शाम चार बज कर पांच मिनट पर विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया गया.
