रांची : राजधानी समेत झारखंड के सभी जिलों में ठंड का कहर जारी है. कड़ाके की ठंड राजधानीवासियों को राहत की सांस नहीं लेने दे रही है. पछुआ हवा लोगों को परेशान कर रही है. राजधानी का तापमान तो मंगलवार को कुछ चढ़ा, लेकिन कांके के लोगों को राहत नहीं मिल रही है. मंगलवार को बीएयू स्थित मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया. इससे पूर्व रविवार और सोमवार को भी कांके का न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस के करीब था. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी के शहरी क्षेत्रों का तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. आगे भी मौसम इसी तरह रहने की आशंका जतायी गयी है. बुधवार सुबह राजधानी रांची का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. यहां 8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है. लौहनगरी जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान आज 8 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है जबकि धनबाद का न्यूनतम तापमान आज 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
अब बात बिहार की सूबे में उत्तर-पश्चिम हवा तेज चलने से मंगलवार को दिन भर 10 किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवा चली है. बुधवार को भी सुबह व शाम में कनकनी रहेगी और दिन की शुरुआत घने कोहरे से होगी. ऐसे में नॉर्थ बिहार के लोगों को अगले दो दिनों तक एवं पटना व साउथ बिहार में धीरे-धीरे मौसम में सुधार होगा और अधिकतम व न्यूनतम पारे में एक-दो डिग्री उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जनवरी का प्रथम माह पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक ठंडा रहा है. 15 जनवरी तक पटना के लोग कनकनी से परेशान होंगे. 2015 में 11 जनवरी को अधिकतम तापमान गिर कर 14.6 डिग्री, 2016 में 14.4 एवं 2017 में 18.6 डिग्री तक पहुंचा था. मगर इस साल पटना का अधिकतम तापमान गिर कर 12.9 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसके बाद से पटना का अधिकतम पारा 9 जनवरी तक ऊपर-नीचे होता रहा है.
मंगलवार की सुबह में रहा कोहरा, दिन भर रही कनकनी : मंगलवार की सुबह पटनावासियों के लिए कनकनी व कोहरा भरा था. दिन चढ़ते ही कोहरा छट गया, लेकिन दिन भर लोग कनकनी से परेशान रहे. दिन भर ठंडी हवा चली और लोगों को धूप निकलने के बाद भी कनकनी से कोई राहत नहीं मिली. बुधवार सुबह राजधानी पटना का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. यहां 8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है. भागलपुर का न्यूनतम तापमान आज 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है जबकि मुजफ्फरपुर का न्यूनतम तापमान आज 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
