रांची: सावन महीने में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा को लेकर रांची नगर निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है. इस बार चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर 100 बेड का अस्थायी आश्रयगृह बनाया जाएगा. यहां श्रद्धालु आराम कर सकेंगे. आश्रयगृह में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. वहीं, स्वर्णरेखा घाट से पहाड़ी मंदिर तक पूरे कांवरिया पथ की स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त की जाएंगी और बिजली के खंभों पर रोप लाइट लगाकर रास्ते को रोशन किया जाएगा, ताकि रात के समय श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
मेडिकल टीम, पेयजल और सफाई की रहेगी विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कई स्थानों पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी. जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, पेयजल की व्यवस्था के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर वाटर टैंकर लगाए जाएंगे. कांवरिया पथ, स्वर्णरेखा घाट और पहाड़ी मंदिर के आसपास नियमित सफाई कराई जाएगी. कूड़ा उठाव के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी. निगम के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार विशेष तैयारी की गई है और पहली बार स्वर्णरेखा घाट पर आश्रयगृह का निर्माण कराया जाएगा.
