28 साल तक रिनपास में कटी जिंदगी, बेटे की राह देखते-देखते मर गई मां

Ranchi News: बेटा कपूत हो गया और पति चांडाल. 28 साल पहले पति अपनी पत्नी को पागल बनाकर रिनपास में भर्ती कराके चला गया, तो दोबारा देखने नहीं आया. अभी कुछ दिन पहले कपूत बेटा कागज पर दस्तखत कराने के लिए पत्नी के साथ रिनपास में मां के पास आया. घर ले जाने का झूठा वादा किया. दो दिन बाद आने का भरोसा दिया. मां ने सोचा कि बेटा बोला है, तो आएगा. बेटा नहीं आया, तो उसकी राह देखते-देखते मां दुनिया से ही चल बसी. दिल दहलाने वाली बात यह है कि मां की मौत खबर देने के बाद परिवार वालों ने महिला के शव को स्वीकार तक नहीं किया. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से अजय दयाल की रिपोर्ट

Ranchi News: मां ने बेटे के उस वादे को सच मान लिया था, जो कभी सच था ही नहीं. उसने अपना सामान समेटा, कपड़े ठीक किए और आंखें दरवाजे पर टिकाए बैठी रही. दिन ढल गया, फिर रात हो गई, लेकिन बेटा नहीं आया. उसी इंतजार ने एक मां के भीतर ऐसा खालीपन भर दिया, जिससे वह कभी उबर नहीं सकी. करीब 28 वर्षों तक बेटे और पति की राह देखते-देखते आखिरकार रांची के रिनपास में उसकी जिंदगी थम गई.

1997 में रिनपास में भर्ती कराने के बाद नहीं आया पति

यह कहानी केवल मानसिक बीमारी से ग्रस्त उस महिला की नहीं है, बल्कि टूटे भरोसे और रिश्तों की भी है. वर्ष 1997 में झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली महिला के पति ने उसे मानसिक रोगी बताकर रांची के रिनपास में भर्ती कराया था. उस समय पति ने इलाज का भरोसा दिलाया था, लेकिन भर्ती कराने के बाद वह कभी लौटकर नहीं आया. धीरे-धीरे समय बीतता गया, रिश्ते पीछे छूटते चले गए और महिला अस्पताल की चारदीवारी के भीतर ही जीवन काटती रही.

वर्षों बाद बेटे से मुलाकात के बाद जगी थी उम्मीद

कई सालों बाद महिला का बेटा अपनी पत्नी के साथ रिनपास पहुंचा. उनका बेटा थाईलैंड में रहता है और पति सुप्रीम कोर्ट में वकील थे. बेटे को देखकर मां बेहद खुश हुई. बातचीत के दौरान महिला पूरी तरह सामान्य दिख रही थी. मां-बेटे के बीच घंटों बातचीत हुई. बेटे ने कुछ जरूरी कागजात पर मां से हस्ताक्षर कराए और रिनपास प्रशासन से कहा कि वह अगले दिन आकर मां को अपने साथ घर ले जाएगा.

बेटे का वादा बना जिंदगी की सबसे बड़ी उम्मीद

बेटे का यह वादा मां के लिए नई जिंदगी की तरह था. उसने खुद को आजाद महसूस किया. अगले दिन जाने की खुशी में उसने अपना सारा सामान बांध लिया. सुबह से शाम तक वह बेटे की राह देखती रही. हर आहट पर उसकी नजर दरवाजे की ओर उठ जाती थी. उसे भरोसा था कि बेटा जरूर आएगा. लेकिन वह दिन ढल गया और बेटा नहीं आया.

इंतजार ने तोड़ दी मानसिक स्थिति

जिस दिन बेटा नहीं आया, उसी दिन से महिला सदमे में चली गई. बेटे के वादे के टूटने ने उसकी मानसिक स्थिति को पूरी तरह झकझोर दिया. इसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. वह फिर से गहरे अवसाद में चली गई. अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, उस दिन के बाद महिला अक्सर दरवाजे की ओर देखती रहती थी, मानो अब भी किसी का इंतजार कर रही हो.

रिनपास में ही थम गई जिंदगी

लंबे समय तक इलाज के बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हो सका. आखिरकार रिनपास में ही उसकी मौत हो गई. महिला की मौत के बाद जब रिनपास प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी, तो उन्होंने शव लेने से साफ इनकार कर दिया. परिजनों का कहना था कि उनका महिला से अब कोई संबंध नहीं है.

डालसा ने दिखाई मानवीय संवेदना

परिजनों द्वारा शव लेने से इनकार किए जाने के बाद मामले की जानकारी झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण यानी डालसा को दी गई. न्यायालय के निर्देश पर डालसा सचिव राकेश रोशन और पीएलवी भारती शाहदेव ने मामले में हस्तक्षेप किया. दोनों ने लगातार दो दिनों तक परिजनों की काउंसलिंग की.

काउंसलिंग के बाद पहुंचे रिश्तेदार

डालसा की लगातार कोशिशों के बाद मृतका के चचेरे भाई काउंसलिंग के लिए तैयार हुए और रांची पहुंचे. उन्होंने शव को रिसीव किया. इसके बाद हरमू मुक्तिधाम में महिला का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ कराया गया. अंतिम संस्कार के दौरान डालसा की टीम और रिनपास प्रशासन भी मौजूद रहा.

इसे भी पढ़ें: Palamu News: पैसों के लालच में मां ने नाबालिग को बुजुर्ग से कराई शादी, पिता ने बचाई लाज

एक मां, एक पत्नी और टूटे रिश्तों की कहानी

यह घटना केवल एक मानसिक रोगी महिला की मौत की कहानी नहीं है. यह उस मां और पत्नी की कहानी है, जिसे अपनों ने समय रहते संभाला नहीं. 28 साल तक रिनपास की चारदीवारी में बंद जिंदगी, बेटे और पति की राह देखते हुए खत्म हो गई. यह कहानी समाज के लिए एक सवाल छोड़ जाती है कि इलाज के साथ-साथ रिश्तों की जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: Kanya Vivah Yojana: बेटियों की शादी में लाखों का दान, अभिनंदन ट्रस्ट ने उठाया बीड़ा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >