रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई. अध्यक्षता ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने की. आगामी त्योहारों और आयोजनों को देखते हुए शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में ट्रैफिक डीएसपी प्रथम व द्वितीय, सभी यातायात थाना प्रभारी और यातायात परिचारी शामिल हुए.
त्योहार और क्रिकेट मैच पर विशेष फोकस
बैठक में गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के अलावा अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच के दौरान यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गयी. ट्रैफिक एसपी ने अधिकारियों को अभी से कार्ययोजना तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ बढ़ने पर जाम की स्थिति नहीं बने.
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी. रेस ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने और निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. ऑटो और टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया गया है. नाबालिगों के वाहन चलाने और नंबर प्लेट पर टेप लगाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जायेगा.
लेफ्ट फ्री मार्ग पर वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई
यातायात पोस्ट के पास खाली रहने वाले ‘लेफ्ट फ्री’ मार्ग पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. चौक-चौराहों पर अनधिकृत रूप से ऑटो और टोटो खड़ा करने पर भी कार्रवाई की जायेगी. नगर निगम के साथ समन्वय कर सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगायी गयी दुकानों और ठेलों को हटाया जायेगा.
स्कूलों के समय तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय यातायात पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहेंगे, ताकि बच्चों की आवाजाही सुचारू रहे. बारिश के दौरान जलभराव या अन्य कारणों से लगने वाले जाम से निपटने के लिए थाना प्रभारी क्षेत्र में भ्रमण करेंगे. क्यूआरटी और अभियान टीम की मदद से यातायात को तत्काल सामान्य कराया जायेगा.
