गोला : गोला वन क्षेत्र के सुतरी गांव के समीप शनिवार सुबह करीब 40 से 45 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने के लिए पहुंच गये. इस दौरान कई लोगों ने हाथियों की तस्वीरें खींचीं तथा सेल्फी और वीडियो भी बनाये और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड भी किया.
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने तथा सुरक्षित दूरी बनाये रखने की अपील की. अधिकारियों ने लोगों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी. ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात हाथियों के झुंड ने क्षेत्र में कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया तथा कुछ मकानों को भी क्षति पहुंचायी.
हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है. जिससे आसपास के गांवों के लोग भय के साये में जीवन बिता रहे हैं. सुतरी पंचायत के मुखिया सतीश कुमार मुर्मू ने कहा कि क्षेत्र में हाथियों का लगातार डेरा बना हुआ है. लेकिन उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिये अब तक कोई स्थायी पहल नहीं की गयी है. उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवारों को शीघ्र क्षतिपूर्ति देने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की. मुखिया ने बताया कि गत दिन वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठक की थी और हाथियों से बचाव के लिए सुझाव भी लिये थे. बावजूद इसके अब तक उन सुझावों पर अमल नहीं हुआ है. उन्होंने विभाग से शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की अपील की है.
