गोला: गोला वनक्षेत्र के पूरबडीह गांव में सोमवार को एक जंगली सूअर के घुस आने से ग्रामीणों में कुछ देर के लिये दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी मौके पर पहुंची और सूझबूझ के साथ जंगली सूअर का सुरक्षित रेस्क्यू किया. वन विभाग की टीम ने जंगली सूअर को बिना किसी नुकसान के अपने कब्जे में लिया. इसके बाद उसकी स्वास्थ्य जांच करायी गयी.
प्रथम श्रेणी के पशु चिकित्सक द्वारा उसका उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण किया गया. स्वास्थ्य पूरी तरह सामान्य पाये जाने के बाद वन विभाग ने जंगली सूअर को सुरक्षित रूप से पुरबडीह जंगल में छोड़ दिया. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच जाये तो उसे घेरने या परेशान करने का प्रयास न करें.
इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के मनीष शर्मा, दीपक सिन्हा, शिवशंकर कुमार तथा क्यूआरटी की टीम के सदस्य शामिल थे.
