भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोयलांचल सहित बासल और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनायी गई. भुरकुंडा, सौंदा डी, सेंट्रल सौंदा, रिवर साइड समेत विभिन्न इलाकों में दिनभर विश्वकर्मा पूजा की धूम रही.
खदानों से लेकर गैराज तक हुई पूजा-अर्चना
इस अवसर पर कोलियरियों, खदानों, वर्कशॉप, फैक्ट्रियों, गैराज, ट्रेकर बस स्टैंड और विभिन्न कल-कारखानों में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. भुरकुंडा कोयलांचल की भूमिगत खदान बांसगढ़ा और हाथीदाड़ी, खुली खदान के एक्सकवेशन तथा विद्युत विभाग कार्यालय में भव्य पूजा पंडाल बनाये गए थे.
ये भी पढ़ें- भुरकुंडा में राष्ट्रीय माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता की तैयारी, अधिकारियों ने भूमिगत खदान का लिया जायजा
आकर्षक सजावट ने खींचा लोगों का ध्यान
पूजा पंडालों में भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं. पंडालों के अंदर और आसपास की गयी आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही थी. देर रात तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस दौरान भजन-कीर्तन, भंडारा समेत कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ.
ट्रेकर स्टैंड में बांटा गया खिचड़ी प्रसाद
भुरकुंडा ट्रेकर स्टैंड में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया. वहीं कई स्थानों पर मंगलवार को हवन और पूर्णाहुति के बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विभिन्न नदियों और जलाशयों में विसर्जन किया गया. जबकि कई जगहों पर शुक्रवार को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- शौच के लिए घर से निकला युवक फिर नहीं लौटा, अगले दिन कुएं में मिला शव
