गोला, रामगढ़: नरसिंहडीह से संग्रामपुर तक करीब सात किमी सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है. जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बाद भी पहल नहीं होने पर ग्रामीणों ने रविवार को श्रमदान और चंदा कर सड़क की मरम्मत शुरू की.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई की जा रही है. गड्ढों को जेसीबी से भरने के साथ डस्ट डालकर सड़क को समतल किया जायेगा. जरूरत के अनुसार सीमेंट का भी उपयोग किया जायेगा. मौके पर जेएलकेएम केंद्रीय महासचिव संतोष चौधरी ने श्रमदान किया और आर्थिक सहयोग दिया.
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं, फिर भी इसकी मरम्मत नहीं होना शर्मनाक है. बहादूर तांती ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व सड़क बनी थी, जिसके बाद मरम्मत नहीं हुई. जयधन मुर्मू ने आंदोलन की चेतावनी दी. मौके पर तीर्थनाथ महतो, गंभीर बेदिया, गणेश मुर्मू सहित अन्य मौजूद थे.
