उरीमारी: रामगढ़ जिले के उरीमारी में बरका-सयाल क्षेत्र के सयाल डी कोलियरी में रैयत और विस्थापित परिवार जमीन के बदले में नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन पर हैं. शुक्रवार से शुरू हुआ आंदोलन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा. कोलियरी का चक्का जाम होने के कारण उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग का काम पूरी तरह ठप है.
ग्रामीण: जब तक नौकरी नहीं मिलेगी, कामकाज शुरू नहीं करने दिया जाएगा
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तय नौकरी नहीं मिलेगी, कामकाज शुरू नहीं करने दिया जायेगा. ग्रामीणों के अनुसार, नारायण तेली के वंशजों के खाता 38 व 73 की कुल 29.75 एकड़ जमीन के एवज में नियोजन देने का आश्वासन मिला था. पूर्व परियोजना पदाधिकारी सुबोध कुमार ने तीन मार्च को लिखित रूप से दो महीने के अंदर नौकरी देने की स्वीकृति दी थी. इस दिशा में अब तक कोई पहल नहीं हुई है. ग्रामीण नारायण तेली के वंशज विनोद साहू और जेएलकेएम नेता विजय साहू के नेतृत्व में आंदोलन पर हैं.
आंदोलन में इन लोगों की रही मौजूदगी
आंदोलन में अशोक साहू, लाला साहू, विजय साहू, रामसेतु प्रसाद, विकास कुमार, बिट्टू कुमार, देवेंद्र नाथ, मनीष कुमार, दशरथ साहू, अनुज कुमार, अंकित कुमार, चिक्कू कुमार, राहुल कुमार आदि शामिल हैं. दूसरी ओर, रविवार को भुरकुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से बातचीत करते हुए उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की बातों को नकार दिया. विनोद साहू ने बताया कि सोमवार को सीसीएल सीएमडी के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला जायेगा.
