गोला : गोला प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात के बीच वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पहल शुरू की है. सोमवार को पूरबडीह स्थित वन कार्यालय में वन विभाग की ओर से ग्रामीणों के बीच टॉर्च का वितरण किया गया. इसके साथ ही सोलर लैंप एवं सोलर चूल्हा भी उपलब्ध कराया गया. कार्यक्रम में हुप्पू पंचायत के मुखिया प्यारे लाल महतो सहित वन विभाग के कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद थे. मौके पर मुखिया प्यारे लाल महतो ने बताया कि खोखा सहित आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की गतिविधियां काफी बढ़ गयी हैं.
हाथियों के झुंड रात के समय गांवों और खेतों की ओर पहुंच रहे हैं
हाथियों के झुंड रात के समय गांवों और खेतों की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. हाथियों से बचाव और उन्हें सुरक्षित तरीके से भगाने के लिये ग्रामीणों ने वन विभाग से टॉर्च उपलब्ध कराने की मांग की थी. ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने टॉर्च उपलब्ध करायी. उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में हाथियों की मौजूदगी का पता लगाने और ग्रामीणों को सतर्क करने में टॉर्च उपयोगी साबित होगी. हालांकि ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें खदेड़ने के दौरान जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी गयी है.
एक माह से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है
गौरतलब है कि गोला वन क्षेत्र में पिछले एक माह से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है. हाथियों के झुंड विभिन्न गांवों में पहुंचकर खेतों में लगी फसलों को रौंदने के साथ मकानों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण रात में घरों से निकलने से भी डर रहे हैं. मौके पर वनरक्षक मनीष कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार, दीपक कुमार दास, प्रकाश महतो, अरुण कुमार, सौदागर साव, ननकू महतो, शंकर महतो, सिकंदर शर्मा, राजेंद्र महतो, चिंतेश्वर महतो सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: हाथियों के दो झुंड में बंटने से बढ़ा खतरा, महिला की मौत के बाद वन विभाग ने जारी की सतर्कता
