रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ में विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारियों की बैठक की गई. बैठक में विहिप प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज मंगलम, प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, जिला मंत्री छोटू वर्मा मुख्य रूप से मौजूद थे.
अवैध दुकानों को हटाने के बाद पुनर्वास की मांग
बैठक में मुख्य रूप से रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा के अवैध दुकानदारों के हटाने के मामले को लेकर विस्तार से चर्चा किया गया. विश्व हिंदू परिषद ने मंदिर परिसर से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों को प्रशासन के सामने विस्तार से रखा है. बताया गया कि झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंदिर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 254 दुकानों को हटाया गया. इस कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. इन सभी 254 दुकानदारों का जल्द से जल्द पुनर्वास करने की मांग प्रशासन से की है जिससे कि इनकी रोजी-रोटी पर कोई असर न पड़े.
मंदिर परिसर में बढ़ती अव्यवस्था पर चिंता
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को लेकर भी संगठन ने चिंता जताई है. खासकर पार्किंग व्यवस्था को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पार्किंग की कमी एक बड़ी समस्या बन चुकी है. विहिप ने प्रशासन से पार्किंग की समुचित और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की भी मांग की है, जिससे कि आने वाले भक्तों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो.
श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था की मांग
इसके अलावा मां छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा में देशभर से आनेवाले लाखों श्रद्धालुओं के लिये ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था करने, मंदिर क्षेत्र में सरकारी धर्मशाला या आवासीय भवन निर्माण की मांग की है. विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों को कहना है कि यह केवल मांग नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की मूलभूत जरूरत है. बैठक में विनय शर्मा, विरजू गोयनका सहित अन्य लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: साहिबगंज: तीनपहाड़ की सब्जी मंडी में लगी आग, दर्जनों दुकान जल कर राख
यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ
