रामगढ़: आजसू पार्टी जिला कार्यालय में शनिवार को अलग झारखंड राज्य आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रमुख स्व. रिझूनाथ चौधरी की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव मनोज कुमार महतो ने स्व रिझूनाथ चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.
मनोज कुमार महतो ने कहा कि स्व रिझूनाथ चौधरी अलग झारखंड राज्य के बड़े समर्थक थे. आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया. वे रामगढ़ जिले को शिक्षा का हब बनाना चाहते थे. उनका मानना था कि समाज के सभी लोगों का शिक्षित होना जरूरी है. उन्होंने बताया कि स्व रिझूनाथ चौधरी ने बालिकाओं की शिक्षा के लिए 1995 में रजरप्पा प्रोजेक्ट में बालिका उच्च विद्यालय की शुरुआत की.
मनोज महतो ने कहा कि सीसीएल रजरप्पा में मजदूरों के हित में स्व रिझूनाथ चौधरी ने संघर्ष किया. उन्होंने स्व रिझूनाथ चौधरी को राज्य की महान विभूति बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने की बात कही. कार्यक्रम में लालबिहारी महतो, दिनेश कुशवाहा, राजेंद्र महतो, नीरज मंडल, कुलदीप वर्मा, लेखराज महतो, बिट्टी सिंह, कैलाश रजक, संजय महतो, मनीष गोयल, नुनुलाल महतो, विकास कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे.
